हर साल भर्ती होंगे 6 से 8 हजार सिपाही : सी.एम

Edited By Punjab Kesari, Updated: 06 Feb, 2018 02:00 PM

6 to 8 thousand soldiers will be recruited every year  cm

प्रदेश में पुलिस का बैकलॉग पूरा करने के लिए गंभीरता से प्रयास किए जा रहे हैं। आने वाले वक्त में हर साल 6 से 8 हजार पुलिस कर्मचारियों की भर्ती की जाएगी ताकि बैकलॉग पूरा हो सके। पुलिस में महिलाओं की संख्या भी 6 से बढ़ाकर 10 प्रतिशत की जाएगी। इसे 30...

रोहतक(ब्यूरो): प्रदेश में पुलिस का बैकलॉग पूरा करने के लिए गंभीरता से प्रयास किए जा रहे हैं। आने वाले वक्त में हर साल 6 से 8 हजार पुलिस कर्मचारियों की भर्ती की जाएगी ताकि बैकलॉग पूरा हो सके। पुलिस में महिलाओं की संख्या भी 6 से बढ़ाकर 10 प्रतिशत की जाएगी। इसे 30 प्रतिशत तक ले जाना राज्य सरकार का लक्ष्य है। यह कहना है हरियाणा के सी.एम. मनोहर लाल खट्टर का। सी.एम. सोमवार को पी.टी.सी. सुनारियां में 84वें बैच के जवानों को सम्बोधित कर रहे थे।

सी.एम. खट्टर ने कहा कि सरकार ने अब तक 3 भर्तियों में 6000 से अधिक जवानों को पुलिस में नियुक्त किया है। यह सभी भर्तियां पूर्ण रूप से पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से आयोजित की गई हैं। वर्तमान में 1474 जवानों की यह भर्ती सरकार की पारदर्शिता को दर्शा रही हैं। पुलिस सेवा में 10 जमा 2 की योग्यता होने के बाद भी आधे से ज्यादा जवान उच्च डिग्रीधारक हैं। महिलाओं की संख्या बढ़ाई जा रही है। संख्या बढऩे से महिलाओं पर होने वाले अत्याचार में भी कमी आएगी। 

पुलिस की 600 गाडिय़ां करेंगी पेट्रोलिंग
मनोहर लाल ने कहा कि सरकार नवम्बर-2018 तक -हरियाणा 100 प्रोजेक्ट शुरू करने जा रही है। इस प्रोजेक्ट के लागू होने से प्रदेश के किसी भी क्षेत्र में 15 मिनट के अंदर पुलिस शीघ्रता से घटनास्थल पर पहुंच जाएगी। यह सीधे पंचकूला स्थित पुलिस कंट्रोल रूम से संचालित होगा। इसके माध्यम से पुलिस की नई 600 नई गाडिय़ां पूरे प्रदेश में पेट्रोलिंग करेंगी और घटनास्थल पर जल्द से जल्द पुलिस सहायता मुहैया करवाई जा सकेगी। उन्होंने कहा कि इस कंट्रोल रूम में नियुक्त कॉल रिसीव करने वाले कर्मचारी प्रोफेशनल होंगे और उन्हें पूर्ण रूप से प्रशिक्षित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट पर साढ़े 400 करोड़ रुपए की लागत आएगी।

पुलिस को बताया सरकार का चेहरा
सी.एम. मनोहर लाल ने कहा कि पुलिस सरकार का चेहरा होती है। जिस प्रकार का व्यवहार जनता में सामने आता है, वैसा ही सरकार की आचरण शैली को दर्शाता है। उन्होंने नए जवानों को संकल्प करवाते हुए कहा कि समाज व देश की सुरक्षा के लिए बेहतर कार्य करेंगे तो वह समाज व देश तरक्की की ओर अग्रसर होगा। उन्होंने कहा कि पुलिस का यह ध्येय होना चाहिए कि समाज सेवा में अपराधी को दंडित करवाना ही उनकी सच्ची सेवा है ताकि जनता निर्भय होकर जीवन यापन कर सके। अपराधी को डर होना चाहिए कि अपराध करने के बाद वह बच नहीं सकता। 

ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की सीख दे गए खट्टर
इसी प्रकार जवानों को भी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और निर्भीक होकर जनता के साथ मित्रवत बनते हुए समाजसेवा को आगे बढ़ाना चाहिए। खट्टर ने कहा कि पुलिस के इन रंगरूटों द्वारा प्रस्तुत की गई रागिनी-नई भर्ती नई तरक्की, हम हुए पुलिस में भर्ती भाइयों, चारों तरफ गुणगान, ईमानदारी का पलड़ा भारी, घर-घर में सम्मान तथा नई पुलिस, नई सोच नामक लघु नाटिका सरकार की पारदर्शी नीति को सार्थक कर रही है, इसके लिए पुलिस के जवान बधाई के पात्र हैं।

समाज खेत के समान और पुलिस उसकी बाड़
उन्होंने कहा कि प्रदेश का विकास गली-मोहल्लों को पक्का करने, सीवरेज, स्वास्थ्य, स्कूल, शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं से ही पूर्ण नहीं होता। विकास में समाज का सदाचार, आचरण व व्यवहार का समायोजन होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समाज खेत के समान है और पुलिस उसकी बाड़ है। इसलिए पुलिस को समाज की सेवा में अहम योगदान देना चाहिए।

इसी महीने से शुरू होगी नई भर्ती : डी.जी.पी. संधू
समारोह को सम्बोधित करते हुए हरियाणा पुलिस महानिदेशक बी.एस. संधू ने कहा कि पुलिस विभाग में नई भर्ती करने की प्रक्रिया फरवरी माह से ही शुरू कर दी जाएगी। इसमें सिपाही भर्ती के साथ महिला सिपाही, उप-निरीक्षक व उप-पुलिस अधीक्षक तक की भर्तियां शामिल हैं। उन्होंने कहा कि विभाग ने पुलिस कर्मियों को पर्याप्त मात्रा में वाहन, हथियार और अच्छी गुणवत्ता वाले दंगारोधी उपकरण मुहैया करवाए हैं। प्रदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त कर्मचारियों की भर्ती के कारण पुलिस की सेवा, सुरक्षा में सुधार आया है तथा और ज्यादा स्वच्छ व सुरक्षित प्रशासन मुहैया करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश के सभी जिलों में महिला थानों की स्थापना करके महिलाओं को सुरक्षित माहौल एवं वातावरण प्रदान किया जा रहा है।

पुलिस इस सकारात्मक सोच के साथ कार्य कर रही है कि प्रदेश में अच्छा वातावरण और शांति का माहौल बने और राष्ट्र सामाजिक भावना के साथ तरक्की की ओर अग्रसर हो। रोहतक मंडल के आई.जी.पी. नवदीप सिंह विर्क ने धन्यवाद करते हुए कहा कि विभाग द्वारा उच्च नैतिक मूल्यों व मानवीय मूल्यों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सी.एम. के ओजस्वी व प्रेरणादायी संदेश से जवानों में नई चेतना और ऊर्जा का संचार हुआ है। इस अवसर पर सहकारिता मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, ए.डी.जी. देसराज, उपायुक्त डा. यश गर्ग, पुलिस अधीक्षक  पंकज नैन, नगराधीश महेंद्रपाल आदि अधिकारियों के अलावा भारतीय जनता पार्टी के भी कई पदाधिकारी मौजूद थे।


 

Related Story

Trending Topics

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!