रामनवमी पर पुन्हाना में मनमोहक झांकियों की रही धूम

Edited By Gaurav Tiwari, Updated: 27 Mar, 2026 07:21 PM

on ram navami there was a lot of excitement in punhana with beautiful tableaux

रामनवमी पर्व पर शहर में रामनवमी मेला कमेटी के प्रधान अमित बॉबी गोयल के नेतृत्व में भव्य मेले का आयोजन धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ किया गया।

पुन्हाना, (ब्‍यूरो): रामनवमी पर्व पर शहर में रामनवमी मेला कमेटी के प्रधान अमित बॉबी गोयल के नेतृत्व में भव्य मेले का आयोजन धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर पूरे शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया था और जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा झांकियों का पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया गया। मेले में युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह देखने को मिला। देर रात्रि तक मेले में नगाड़ों की गूंज व बैंड बाजों के शोर से शहर गुलजार रहा।  

 

मेला कमेटी के प्रधान अमित बॉबी गोयल ने बताया कि इस बार मेले को विशेष रूप से आकर्षक बनाने के लिए एक दर्जन से अधिक झांकियां शामिल की गईं। इनमें भगवान राम की झांकी प्रमुख आकर्षण का केंद्र रही। इसके अलावा हनुमान जी के पांच रूपों सहित अन्य देवी-देवताओं की झांकियों को भी लोगों ने खूब सराहा। मेले में तीन बैंड पार्टियों और चार नगाड़ा पार्टियों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया, वहीं अघोरी नृत्य और हास्य कलाकारों की प्रस्तुतियों ने लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। इस्कॉन मंदिर के विदेशी भक्त भी मेले में कीर्तन करते हुए शामिल हुए जिन्होंने संकीर्तन से मेले में आध्यात्मिक रंग भर दिया। वहीं बाहुबली हनुमान, भालू, गोरिल्ला, जोकर जैसे आकर्षण बच्चों के बीच खासे लोकप्रिय रहे।

 

शोभायात्रा श्रीराम मार्केट, सब्जी मंडी चौक, लाल चौक, पुराना अस्पताल चौक, थाना परिसर के सामने से होते हुए अग्रसेन चौक, सर्राफा बाजार, डाकखाना बाजार, आर्य समाज चौक और जमालगढ़ रोड से होकर पुराना थाना चौक तक पहुंची। इस दौरान शहर के दर्जनों स्थानों पर विभिन्न देवी-देवताओं की आरती उतारकर झांकियों का भव्य स्वागत किया गया। मेले में पुन्हाना सहित आसपास के दर्जनों गांवों से भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही और शहर का माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। मेले के दौरान मां काली की दो अलग अलग विशाल पैदल शोभायात्रा शहर के विभिन्न मोहल्लों से निकाली गई। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने काली माता का भव्य स्वागत किया।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!