Edited By Vatika, Updated: 18 Feb, 2026 02:54 PM

पंजाब में नशे का छठा दरिया थमने का नाम नहीं ले रहा है और आए दिन किसी न किसी
लुधियाना (राज): पंजाब में नशे का छठा दरिया थमने का नाम नहीं ले रहा है और आए दिन किसी न किसी घर का चूल्हा बुझ रहा है। ताज़ा दर्दनाक मामला धर्मपुरा इलाके से सामने आया है, जहां नशे की दलदल में फंसे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान चिंटू के रूप में हुई है, जो पेशे से मीट की दुकान चलाता था। परिजनों का कहना हैं कि उनके बेटे की बलि 'नशे की ओवरडोज' ने ली है।

जानकारी के मुताबिक, चिंटू घर के बाथरूम में नहाने के लिए गया था। जब काफी देर बीत जाने के बाद भी वह बाहर नहीं निकला, तो परिजनों के मन में अनहोनी की आशंका गहराने लगी। घरवालों ने कई बार दरवाजा खटखटाया और आवाजें दीं, लेकिन अंदर से कोई हलचल नहीं हुई। अनहोनी के डर से जब परिजनों ने दरवाजा तोड़ा, तो चिंटू बेसुध हालत में जमीन पर गिरा हुआ था। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया।
नशा मुक्ति केंद्र भी नहीं छुड़ा सका लत, रगों में दौड़ रहा था जहर
परिजनों ने बताया कि चिंटू पिछले कई सालों से नशे की गिरफ्त में था। परिवार ने उसे इस नर्क से निकालने के लिए जमीन-आसमान एक कर दिया था। उसे नशा मुक्ति केंद्र भी भेजा गया और लेकिन नशा उसकी रगों में इस कदर बस चुका था कि केंद्र से बाहर आते ही वह दोबारा उसी राह पर चल पड़ा।