Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 19 Jun, 2025 04:34 PM

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मिशन कर्मयोगी के तहत गुरुग्राम के सेक्टर - 18 स्थित हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान (हिपा) में एक दिवसीय क्षमता विकास कार्यशाला का आयोजन किया गया।
गुड़गांव, (ब्यूरो): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मिशन कर्मयोगी के तहत गुरुग्राम के सेक्टर - 18 स्थित हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान (हिपा) में एक दिवसीय क्षमता विकास कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यालय भारत सरकार के क्षमता विकास आयोग द्वारा शहरी स्थानीय निकाय विभाग के अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के लिए आयोजित की गई थी।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर टच करें।
कार्यशाला का उद्देश्य सरकारी अधिकारियों की क्षमता को बढ़ाना और उन्हें नवीनतम प्रशासनिक तकनीक, प्रबंधन कौशल और कार्यकुशलता के क्षेत्र में प्रशिक्षण प्रदान करना था। इस कार्यक्रम में शहरी स्थानीय निकाय विभाग के अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया और उन्हें विभिन्न पहलुओं पर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त हुआ जो उनके कार्य को और अधिक प्रभावी और सक्षम बना सके।
कार्यशाला में अपने विचार रखते हुए शहरी स्थानीय निकाय विभाग के निदेशक पंकज ने सभी का स्वागत किया तथा कार्यशाला के आयोजन के लिए क्षमता विकास आयोग का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि क्षमता विकास कार्यशालाएं आज के समय की जरूरत हैं क्योंकि यूएलबी की सेवाएं हर व्यक्ति के साथ जुड़ी हुई हैं।
क्षमता विकास आयोग की प्रशासनिक सदस्य डॉ अलका मित्तल ने मिशन कर्मयोगी के बारे में जानकारी दी तथा सिटीजन सेंट्रिक सर्विस उपलब्ध कराने पर बल दिया। उन्होंने बताया कि मिशन कर्मयोगी पीएम के पांच संकल्प पर आधारित है। उन्होंने कहा कि मिशन कर्मयोगी का उद्देश्य केवल सरकारी अधिकारियों के कौशल में सुधार करना नहीं है, बल्कि यह उन्हें उन मानकों पर खरा उतरने के लिए प्रेरित करना है, जो नागरिकों की अपेक्षाओं और सरकार की प्राथमिकताओं से मेल खाते हों। आयोग के संयुक्त सचिव एसपी रॉय ने भी सिविल सर्वेंट की परफॉर्मेंस बढ़ाने पर जोर दिया। शुभम कात्यायन, सुमी बनर्जी, प्रकाश कुमार, दिग्विजय भौमिक आदि एक्सपर्ट ने विभिन्न बिन्दुओं पर जानकारी दी। उन्होंने शहरी प्रशासन, योजना और विकास, स्मार्ट शहरों की अवधारणा, और जन-सुविधाओं के बेहतर प्रबंधन पर विचार-विमर्श किया। साथ ही अधिकारियों को प्रशासनिक सुधार, कार्य संस्कृति, और पारदर्शिता को बढ़ावा देने के तरीकों पर भी चर्चा की गई। इस मौके पर हरियाणा के मेयर, चेयरमैन, आयुक्त, कार्यकारी अधिकारी व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।