Edited By Updated: 10 Mar, 2017 03:27 PM
मिलेनियम सिटी के सैक्टर-10 थाना एरिया अंतर्गत गढ़ी के पास गणपति नगर में बदमाशों ने एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर...
गुड़गांव (ब्यूरो):मिलेनियम सिटी के सैक्टर-10 थाना एरिया अंतर्गत गढ़ी के पास गणपति नगर में बदमाशों ने एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर को तीन गोलियां मारी हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। उधर, गोलियों की अवाज से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। लोगों की सूचना पर मौके पर गई पुलिस ने खून से लथपथ प्रॉपर्टी डीलर को पास के अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
इस सम्बंध में डीसीपी वैस्ट सुमीत कुमार ने बताया कि पुलिस हमलावरों की पहचान में जुटी हुई है। बहुत जल्द इस मामले का पटाक्षेप किया जाएगा। वहीं पुलिस घटना को लेकर कई बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार झज्जर जिला के छबीली निवासी 40 वर्षीय भारत भूषण प्रॉपर्टी डीलर का काम करते थे। उन्होंने सैक्टर-10 थाना के गढी स्थित गणपति कॉलोनी में अपनी ऑफिस खोल रखी थी। पुलिस के अनुसार वीरवार की रात भारत भूषण अपने दोस्तों के साथ ऑफिस में बैठकर बात कर रहे थे। इस दौरान एक व्यक्ति उनके पास आया और बात की। उसने उन्हें बताया कि कुछ लोग नीचे आपसे बात करना चाहते हैं। प्रॉपर्टी डीलर भारत भूषण उसके साथ नीचे आ गए जहां तीन से चार की संख्या में लोग पहले से मौजूद थे। पुलिस के अनुसार ऑफिस के पास ही खाली प्लॉट में भारत भूषण उक्त लोगों से बात कर रहा था। बताया जाता है कि इस दौरान अज्ञात लोगों ने असलहे से भारत भूषण पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
प्रॉपर्टी डीलर को तीन गोलियां लगी। गोली मारने के बाद हमलावर बाइक से फरार हो गए। उधर, अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर ऑफिस में बैठे प्रापर्टी डीलर के दोस्त भागते हुए नीचे आए तो देखा कि भारत भूषण खून से लथपथ पड़ा है। उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। वारदात की सूचना होते ही स्थानीय पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंच गई और प्रॉपर्टी डीलर को लेकर अस्पताल पहुंची जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। बहुत जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस गंभीरता पूर्वक मामले की जांच कर रही है।