कुरुक्षेत्र: राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कहा कि हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनेगी। इसमें कोई शक नहीं है। उन्होंने कहा कि मुझे दिलचस्पी इस बात में है कि हरियाणा में कांग्रेस की सरकार सबकी बात सुनेगी और प्रदेश का विकास होगा।
हरियाणा में संगठन की ताकत दिखाई दे रही है: राहुल गांधी
बता दें कि पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि कन्याकुमारी से हरियाणा पहुंची यात्रा को यहां बेहद ऊर्जावान और जोशीला स्वागत मिला। हरियाणा में संगठन की ताकत दिखायी दे रही है। उन्होंने सभी हरियाणा वासियों का प्यार और समर्थन देने के लिये धन्यवाद किया।
हिन्दुस्तान की आवाज को दबाकर नफरत फैलाया जा रहा है: राहुल गांधी
उन्होंने कहा कि हिन्दुस्तान की आवाज को दबाकर नफरत और डर फैलाया जा रहा है। साथ ही देश बांटने की कोशिश की जा रही है। भारत जोड़ो यात्रा उसके खिलाफ है। उन्होंने कहा कि यात्रा का लक्ष्य देश की जनता को सच्ची आवाज सुनाने का है। उन्होंने कहा कि आज हिन्दुस्तान में असमानता बढ़ रही है। पूरी आर्थिक शक्ति 3-4 लोगों के हाथ में जा रही है। तेजी से बढ़ती बेरोजगारी और महंगाई इसी का नतीजा है।

राहुल गांधी ने कहा कि किसानों को नहीं अरबपतियों को कर्जमाफी मिली है
किसानों के मुद्दे पर बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि यात्रा के दौरान किसानों ने हरियाणा की सच्चाई बताई। आज किसान को चारों तरफ से घेरा जा रहा है। किसानों को मुआवजा न देकर खाद के दाम से मारा जा रहा है। इससे किसानों की दुगुनी न होकर कम हुई है। उन्होंने कहा कि किसानों को नहीं अरबपतियों को कर्जमाफी मिली है।
रोजगार देने के नाम पर युवाओं से झूठ बोला जा रहा है: राहुल गांधी
युवाओं की बात करते हुए उन्होंने कहा कि आज देश में युवाओं से झूठ बोला जा रहा है। लाखों युवा डॉक्टर, इंजीनियर बनने का सपना लेकर मेहनत करते हैं, लेकिन सच्चाई ये है कि 10 प्रतिशत को भी डॉक्टर, इंजीनियर की जॉब नहीं मिल पाएगी। हर रोज युवाओं के सपने टूट रहे हैं। छोटे व मध्यम उद्योगों को बर्बाद किया गया। उन्होंने बताया कि देश में रोजगार कहां से आएगा और कहा जब हम दूसरी हरित क्रांति लेकर आएंगे, कृषि को बढ़ावा देंगे, फूड प्रोसेसिंग फैक्ट्रियों के जाल बिछाएंगे। इससे करोड़ों लोगों को रोजगार मिल सकता है।
पत्रकार वार्ता में एआईसीसी संचार प्रभारी जयराम रमेश, नेता प्रतिपक्ष चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा, हरियाणा कांग्रेस प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल, हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष चौ. उदयभान, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय, एआईसीसी संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, भारत जोड़ो यात्रा के संयोजक राव दान सिंह, कुमारी शैलजा,गीता भुक्कल समेत कांग्रेस के सभी विधायकगण व पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)