Edited By Krishan Rana, Updated: 07 Sep, 2026 09:35 PM

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री का पद संभालने के बाद बिप्लब कुमार देब ने कहा कि भाजपा
नई दिल्ली : भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री का पद संभालने के बाद बिप्लब कुमार देब ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए पार्टी एक मंदिर के समान है। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें इस संगठन में काम करने का अवसर मिलना उनके लिए गौरव की बात है।
राष्ट्रीय कार्यालय में पहुंचकर विधिवत रूप से पूजा अर्चना और मंत्रोच्चारण के साथ देब ने पदभार संभाला। राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी एवं गुजरात के प्रभारी तरुण चुग सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। यहां मौजूद मीडिया से श्री देब ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसके लिए वह आभारी हैं। उन्होंने कहा, “मुझे जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाने तथा पार्टी को और मजबूत करने के लिए मैं हरसंभव प्रयास करूंगा।”
उन्होंने संगठन को मजबूत करने और पार्टी के कार्यों को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी जताई।

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद बिप्लब कुमार देब ने कहा कि पार्टी की ओर से सेवा संकल्प के माध्यम से एक महीने का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसकी देखरेख पार्टी के वरिष्ठ नेता विनोद तावड़े कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत पार्टी कार्यालय में दो दिवसीय सेमिनार भी आयोजित किया गया।
देब ने कहा कि भाजपा के संगठनात्मक कार्यक्रम को शीर्ष स्तर से लेकर जमीनी स्तर तक पहुंचाने की योजना तैयार की गई है। इस कार्यक्रम को बूथ और ग्रासरूट तक ले जाया गया है, ताकि आम जनता के साथ-साथ पार्टी कार्यकर्ता भी इसकी महत्ता और उद्देश्य को बेहतर ढंग से समझ सकें। उन्होंने उम्मीद जताई कि कार्यक्रम की संरचना से संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)