Edited By Deepak Kumar, Updated: 31 Jan, 2026 05:12 PM

दुष्यंत चौटाला ने हरियाणा सरकार पर जमकर शब्दों में हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा विकास के दावों को लेकर
शाहाबाद (राजेश नावल्टी) : आज प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने विधायक रामकरण काला के निवास स्थान पहुंचकर विधायक रामकरण काला को उनके बड़े भाई के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। इसके उपरांत पत्रकार वार्ता करते हुए दुष्यंत चौटाला ने हरियाणा सरकार पर जमकर शब्दों में हमला बोला।
प्रदेश सरकार द्वारा विकास के दावों को लेकर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री केवल प्रदेश का भ्रमण कर रहे हैं, लेकिन प्रदेश की समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दे रहे। यही कारण है कि आज वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट के अनुसार हरियाणा देश के सबसे अधिक कर्जवान प्रदेशों में शामिल हो गया है। वर्ल्ड बैंक की यह रिपोर्ट साफ दर्शाती है कि मुख्यमंत्री प्रदेश का आर्थिक संतुलन बिगाड़ चुके हैं।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि पिछले 6 महीनों में हरियाणा के मुख्यमंत्री अपने प्रदेश से अधिक पंजाब में दौरे करते नजर आए हैं। वे हरियाणा के हितों की बजाय पंजाब के चुनावों पर फोकस कर रहे हैं, जो कहीं न कहीं हरियाणा के भविष्य के लिए खतरा है। हाल ही में प्रदेश में भारी ओलावृष्टि हुई, लेकिन अब तक किसानों को मुआवजा देने या गिरदावरी कराने को लेकर मुख्यमंत्री का एक भी बयान सामने नहीं आया है। इससे स्पष्ट होता है कि सरकार किसानों और हरियाणा के हितों के प्रति गंभीर नहीं है।
SYL मुद्दे पर बोलते हुए दुष्यंत चौटाला ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का स्पष्ट आदेश है कि दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री आपस में बैठकर इसे लागू करें। यदि हरियाणा सरकार चाहे तो कंटेम्प्ट ऑफ कोर्ट की याचिका दायर कर सकती है, जिसके बाद केंद्र सरकार को पैरामिलिट्री फोर्स भी तैनात करनी पड़ेगी। प्रदेश में पेंशन काटने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि 40 हजार से अधिक बुजुर्गों की बुढ़ापा पेंशन काट दी गई है। यह साफ दर्शाता है कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य सम्मान देना नहीं बल्कि लोगों का अपमान करना है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)