Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 29 May, 2026 09:12 PM

गांव शिकोहपुर में रास्ते की मामूली बात को लेकर शुरू हुआ विवाद एक खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। गांव के ही कुछ दबंगों ने एक टेंपो चालक युवक को होटल के बाहर घेरकर लाठी-डंडों और लात-घूसों से बेरहमी से पीट डाला।
गुड़गांव, (ब्यूरो): गांव शिकोहपुर में रास्ते की मामूली बात को लेकर शुरू हुआ विवाद एक खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। गांव के ही कुछ दबंगों ने एक टेंपो चालक युवक को होटल के बाहर घेरकर लाठी-डंडों और लात-घूसों से बेरहमी से पीट डाला। इस जानलेवा हमले में पीड़ित के दोनों पैर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। अस्पताल की मेडिकल रिपोर्ट में युवक के शरीर पर कुल 11 चोटों की पुष्टि हुई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर खेड़की दौला थाने में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, गांव शिकोहपुर निवासी विकास यादव ने बताया कि वह टेंपो चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। 24 मई 2026 की दोपहर करीब दो बजे वह अपने काम पर जाने के लिए घर से अपना टेंपो निकाल रहे थे। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला प्रदीप भी अपना टेंपो लेकर सामने से आ गया। संकरी गली में साइड देने की बात को लेकर दोनों के बीच मामूली कहासुनी और बहस हो गई, जो उस वक्त शांत हो गई। विकास यादव ने बताया कि वह रोज की तरह रात करीब आठ बजे गांव के मोड़ पर स्थित कैलाश ढाबा पर गए थे। जब वह होटल से खाना खाकर घर जाने के लिए बाहर निकले और बाथरूम करने लगे, तभी प्रदीप ने एक अन्य अज्ञात व्यक्ति के साथ मिलकर पीछे से उन पर अचानक हमला कर दिया और थप्पड़-मुक्के बरसाने शुरू कर दिए।
विकास कुछ समझ पाते, इतने में ही वहां एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार आकर रुकी। कार चालक ने विकास के टेंपो के आगे अपनी गाड़ी अड़ाकर उनका रास्ता पूरी तरह ब्लॉक कर दिया। कार से गांव का ही हर्ष हाथ में डंडा लेकर आया और विकास पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। कार से उतरे एक और अज्ञात शख्स ने भी डंडे से विकास को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनकर जब तक लोग इकट्ठा होते, तब तक आरोपी विकास को अधमरा कर चुके थे। वारदात को अंजाम देने के बाद प्रदीप, हर्ष और उनके दो अन्य साथी अपनी कार में सवार होकर मौके से भाग निकले। भागते समय चारों आरोपियों ने विकास को सरेआम धमकी दी। जांच अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी है।