Edited By Krishan Rana, Updated: 01 Nov, 2026 01:06 PM

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए
चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए हरियाणा की ऐतिहासिक विरासत, अदम्य साहस, समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और देश के विकास में प्रदेश के योगदान की खुलकर सराहना की।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में हरियाणा को राष्ट्र का गौरव बताते हुए कहा कि गौरवशाली इतिहास, उल्लेखनीय वीरता और समृद्ध संस्कृति से सजा यह प्रदेश देश की शान है। यहां की लोक परंपराओं और जीवंत ग्रामीण संस्कृति ने हमेशा देश की सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में हरियाणा के लोगों की मेहनत, प्रतिभा और दृढ़ संकल्प का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कृषि, खेल, रक्षा सेवाओं, उद्योग, शिक्षा और स्टार्टअप सहित विभिन्न क्षेत्रों में हरियाणा के लोगों ने अपनी मेहनत और समर्पण से अलग पहचान बनाई है।
प्रदेश के खिलाड़ी तिरंगे का गौरव बढ़ा रहे हैं, वहीं किसान देश की खाद्य सुरक्षा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कामना की कि हरियाणा दिवस का यह विशेष अवसर प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए।
प्रधानमंत्री का यह शुभकामना संदेश केवल एक औपचारिक बधाई तक सीमित नहीं है, बल्कि हरियाणा की उस पहचान और सामर्थ्य को भी रेखांकित करता है, जिसके बल पर प्रदेश ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। विशेष रूप से किसान, जवान और खिलाड़ी हरियाणा की पहचान के प्रमुख आधार रहे हैं। देश की सीमाओं की सुरक्षा से लेकर खाद्यान्न उत्पादन और अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतने तक प्रदेश के लोगों ने लगातार अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
हरियाणा से रहा है नरेंद्र मोदी का पुराना संगठनात्मक जुड़ाव
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हरियाणा से केवल प्रधानमंत्री के रूप में ही नहीं, बल्कि संगठनात्मक और राजनीतिक स्तर पर भी पुराना एवं गहरा रिश्ता रहा है। वर्ष 1995 से वह करीब छह वर्षों तक हरियाणा और पंजाब में भारतीय जनता पार्टी के प्रभारी रहे। इस दौरान उन्होंने दोनों राज्यों में पार्टी संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ संपर्क बढ़ाने और राजनीतिक गतिविधियों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
हरियाणा की राजनीति में वर्ष 1999 का लोकसभा चुनाव भी भाजपा और इनेलो के गठबंधन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जाता है। उस चुनाव में भाजपा और इंडियन नेशनल लोकदल ने मिलकर चुनाव लड़ा था और गठबंधन ने प्रदेश की सभी 10 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल की थी। उस समय नरेंद्र मोदी भाजपा के संगठनात्मक नेतृत्व में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे थे। इस चुनावी सफलता को हरियाणा में भाजपा की राजनीतिक यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ावों में गिना जाता है।
इस प्रकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हरियाणा से रिश्ता कई दशकों पुराना है। संगठनात्मक जिम्मेदारी निभाने के दौर से लेकर देश के प्रधानमंत्री बनने तक उनका प्रदेश के साथ जुड़ाव बना रहा है। हरियाणा दिवस पर उनके संदेश में प्रदेश की संस्कृति, किसान, जवान, खिलाड़ियों और मेहनतकश जनता की उपलब्धियों का उल्लेख इसी आत्मीय जुड़ाव को भी दर्शाता है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)