Edited By Yakeen Kumar, Updated: 14 Dec, 2025 02:30 PM

इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने यमुनानगर दौरे के दौरान राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बीते 11 वर्षों में हरियाणा “घोटालों की प्रयोगशाला” बन गया है। चौटाला का दावा है कि प्रदेश में अब तक 21 से अधिक बड़े घोटाले उजागर हो...
यमुनानगर (परेवज खान) : इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने यमुनानगर दौरे के दौरान राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बीते 11 वर्षों में हरियाणा “घोटालों की प्रयोगशाला” बन गया है। चौटाला का दावा है कि प्रदेश में अब तक 21 से अधिक बड़े घोटाले उजागर हो चुके हैं, लेकिन सरकार जांच कराने के बजाय लगातार नए विवादों को जन्म दे रही है।
अभय चौटाला ने आरोप लगाया कि धान खरीद, शराब कारोबार, पेपर लीक और जमीन रजिस्ट्री जैसे अहम क्षेत्रों में भ्रष्टाचार की परतें खुलती जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इन घोटालों का सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है और लोगों की मेहनत की कमाई पर डाका डाला जा रहा है।
विधानसभा सत्र को लेकर उन्होंने सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि सत्ता पक्ष जनहित के मुद्दों पर चर्चा से बचता है और सत्र को केवल औपचारिकता बनाकर खत्म कर देता है। चौटाला ने बताया कि इनेलो की ओर से सत्र में 10 से अधिक कॉलिंग अटेंशन मोशन दिए गए हैं, जिनमें बढ़ते अपराध, किसानों की समस्याएं, बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था की बदहाली और कानून-व्यवस्था जैसे गंभीर मुद्दे शामिल हैं, लेकिन सरकार इन पर गंभीर चर्चा को तैयार नहीं है।
राहुल गांधी के वोट चोरी वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अभय चौटाला ने कहा कि यदि ऐसा होता तो बिहार में कांग्रेस की सरकार बनती। उन्होंने कहा कि जनता ने इस तर्क को खारिज कर दिया है और चुनावी नतीजों ने सच्चाई सामने रख दी है। हार के बाद दूसरों पर आरोप मढ़ने की राजनीति से जनता ऊब चुकी है।
पार्टी संगठन को लेकर उन्होंने दावा किया कि इनेलो में घर वापसी का सिलसिला जारी है और बड़ी संख्या में पुराने कार्यकर्ता लौट रहे हैं। चौटाला ने कहा कि आने वाले वर्षों में हालात ऐसे बनेंगे कि भाजपा को समय से पहले सत्ता छोड़नी पड़ेगी।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)