Edited By Yakeen Kumar, Updated: 20 Jan, 2026 07:04 PM

हरियाणा में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक, सस्ता और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है।
चंडीगढ़ : हरियाणा में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक, सस्ता और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। प्रधानमंत्री इलेक्ट्रिक बस सेवा योजना के तहत प्रदेश में 250 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जाएंगी। ये बसें 9 मीटर लंबी होंगी और इनमें करीब 35 यात्रियों के बैठने की सुविधा होगी, जिससे आम लोगों को आरामदायक और प्रदूषण-मुक्त यात्रा का विकल्प मिलेगा।
हाई पावर परचेज कमेटी की मंजूरी के बाद यह योजना पानीपत, यमुनानगर, करनाल, हिसार और रोहतक जिलों में लागू की जाएगी। प्रत्येक जिले को 50-50 बसें उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा हरियाणा रोडवेज के बेड़े को मजबूत करने के लिए 375 अतिरिक्त इलेक्ट्रिक बसें भी शामिल की जा रही हैं, जिनमें से कुछ का संचालन पहले ही शुरू हो चुका है।
चार्जिंग स्टेशनों का काम जारी
इलेक्ट्रिक बसों के संचालन में सबसे बड़ी चुनौती चार्जिंग स्टेशन की व्यवस्था रही है। इसे ध्यान में रखते हुए विभिन्न जिलों में चार्जिंग स्टेशन विकसित किए जा रहे हैं। पानीपत में स्टेशन पूरी तरह तैयार हो चुका है, यमुनानगर में लगभग 70 प्रतिशत काम पूरा हो गया है, जबकि पंचकूला, करनाल और रोहतक में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण जल्द शुरू होने की संभावना है।
इन जिलों में चल रही ई-बसें
फिलहाल प्रदेश के कई जिलों में सीमित संख्या में इलेक्ट्रिक बसें संचालित हो रही हैं। पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक और रेवाड़ी में इन बसों का संचालन प्रमुख रूटों पर किया जा रहा है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)