Edited By Isha, Updated: 02 Mar, 2025 07:35 AM

हरियाणा के 33 स्थानीय निकायों में छोटी सरकार चुनने की घड़ी आ गई है। स्थानीय निकायों के पहले चरण में आज (रविवार) को होने वाले मतदान में सात निकायों में विभिन्न पदों के लिए उपचुनाव भी होंगे
हरियाणा डेस्क: हरियाणा के 33 स्थानीय निकायों में छोटी सरकार चुनने की घड़ी आ गई है। स्थानीय निकायों के पहले चरण में आज (रविवार) को होने वाले मतदान में सात निकायों में विभिन्न पदों के लिए उपचुनाव भी होंगे। कुल 40 स्थानीय निकायों में सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा।
हालांकि, मतदाताओं को नतीजों के लिए 12 मार्च तक इंतजार करना होगा। नौ मार्च को पानीपत नगर निगम के चुनाव होने हैं, जिसके बाद सभी निकायों के चुनाव परिणाम एक साथ घोषित किए जाएंगे।
अधिकतर निकायों में भाजपा और कांग्रेस की सीधी टक्कर है, जबकि कुछ जगह त्रिकोणीय मुकाबला है। अंबाला और गुरुग्राम में मेयर पद के लिए भाजपा और कांग्रेस के अलावा तीसरा कोई प्रत्याशी चुनावी रण में नहीं है। नौ नगर निगमों में मेयर पद के लिए 39, पांच नगर परिषदों के प्रधान पद के लिए 27 और 23 नगरपालिकाओं में प्रधान पद के लिए 151 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
राज्य चुनाव आयुक्त धनपत सिंह ने कहा कि शांतिपूर्ण चुनाव के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं। जिन स्थानों पर आम चुनाव हैं, वहां मतदान केंद्रों पर दो इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) रखी जाएंगी।
एक ईवीएम पर पार्षद पद के लिए वोट डाला जाएगा, जबकि दूसरी ईवीएम पर मेयर या फिर नगर परिषद-पालिका के प्रधान पद के लिए वोट डाला जा सकेगा। जिन निकायों में उपचुनाव है, वहां सिर्फ एक ईवीएम से ही वोट डलवाए जाएंगे। निगमों में मेयर तथा नगर परिषदों में चेयरमैन और नगर पालिकाओं में अध्यक्ष का प्रत्यक्ष चुनाव होगा।|
चुनावी रण में भाजपा ने मेयर पद के लिए छह महिलाओं को उतारा है तो कांग्रेस ने चार महिलाओं पर दांव खेला है। भाजपा ने गुरुग्राम से राजरानी मल्होत्रा, पानीपत से कोमल सैनी, करनाल से रेणु बाला, फरीदाबाद से प्रवीन जोशी, अंबाला से सैलजा सचदेवा और यमुनानगर से सुमन बहमनी को चुनावी रण में उतारा है।
इसी तरह कांग्रेस ने गुरुग्राम से सीमा पाहुजा, अंबाला से अमीषा चावला, फरीदाबाद में लता रानी और यमुनानगर में किरण देवी पर दांव लगाया हुआ है। भाजपा का तीन नगर निगमों में मेयर पद के लिए अपने ही बागियों से मुकाबला है, जो पाला बदलते हुए कांग्रेस में शामिल हो गए थे।