Edited By Krishan Rana, Updated: 06 Apr, 2026 03:16 PM

पलवल हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के सामने जेठानंद धर्मशाला के पीछे स्थित झुग्गी बस्ती में सोमवार को भीषण आग लगने से
पलवल (गुरुदत्त गर्ग) : पलवल हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के सामने जेठानंद धर्मशाला के पीछे स्थित झुग्गी बस्ती में सोमवार को भीषण आग लगने से लगभग दो दर्जन झुग्गियां जलकर राख हो गईं। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को अपना सामान तक निकालने का मौका नहीं मिल पाया। घटना के समय बस्ती में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक एवं हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम, जिला अध्यक्ष विपिन बैसला तथा जिला उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने के प्रयास किए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग के दौरान दो धमाकों की आवाज भी सुनाई दी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि झुग्गियों में रखे छोटे LPG सिलेंडर फट गए। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक कोई स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि बस्ती में करीब 20 से अधिक झुग्गियां थीं, जिनमें लगभग 150 लोग रह रहे थे। आग लगते ही वह तेजी से फैल गई और देखते ही देखते पूरी बस्ती को अपनी चपेट में ले लिया।
झुग्गियों में रखा कपड़ा, राशन और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। गनीमत रही कि इस बड़े हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि एक महिला अपने सामान को बचाने के प्रयास में मामूली रूप से झुलस गई।
मौके पर पहुंचे मंत्री गौरव गौतम ने लोगों को सांत्वना देते हुए कहा कि हरियाणा सरकार पीड़ितों की हर संभव सहायता करेगी। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर मौजूद हैं और राहत कार्य लगातार जारी है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)