Edited By Krishan Rana, Updated: 27 May, 2026 02:29 PM

बहादुरगढ़ के वेदांत नगर में चोरों ने जमकर आतंक मचाया। बदमाशों ने एक बंद मकान और निजी स्कूल को निशाना बनाते हुए
बहादुरगढ़ (प्रवीण कुमार) : बहादुरगढ़ के वेदांत नगर में चोरों ने जमकर आतंक मचाया। बदमाशों ने एक बंद मकान और निजी स्कूल को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषण और नगदी चोरी कर ली। पूरी वारदात इलाके में लगे CCTVकैमरों में कैद हो गई, जिसमें दो संदिग्ध चोर बेखौफ गलियों में घूमते नजर आए।
बता दें कि सबसे बड़ी चोरी भारतीय वायुसेना में सार्जेंट अभिषेक कौशिक के घर में हुई। अभिषेक इस समय आसाम के जोरहाट में तैनात हैं, जबकि उनकी पत्नी दिल्ली सरकार में अध्यापिका हैं। करीब 12 दिन से घर बंद पड़ा था। मंगलवार सुबह पड़ोसियों ने मकान के दरवाजे खुले देख परिवार को सूचना दी। जब परिवार मौके पर पहुंचा तो घर के ताले टूटे मिले और अंदर अलमारियां, बेड व संदूक बिखरे पड़े थे।
चोर घर से सोने-चांदी के आभूषण, करीब 430 ग्राम चांदी और 3 लाख 6 हजार रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि बदमाश घर में काफी देर तक रुके रहे। उन्होंने वहां सिगरेट पी और केले खाए।

इसी दौरान चोरों ने वेदांत नगर स्थित एक निजी स्कूल को भी निशाना बनाया। लोहे की रॉड से स्कूल के गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे बदमाशों ने अलमारियां खंगाली और दान पेटी तोड़कर करीब 3 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। कुछ अन्य मकानों में भी चोरी की कोशिश की गई। सीसीटीवी फुटेज में दो बदमाश साफ दिखाई दे रहे हैं। एक के हाथ में लोहे की रॉड नजर आ रही है। फुटेज के अनुसार दोनों करीब डेढ़ घंटे तक कॉलोनी में बेखौफ घूमते रहे।
पीड़ितों ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। मकान में चोरी के मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इलाके में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में डर और नाराजगी का माहौल है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)