Edited By Harman, Updated: 02 May, 2026 04:31 PM

हरियाणा के सोनीपत जिले के खरखौदा क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शनिवार को सांपला रोड स्थित पीसी मल्टी स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल (पूर्ण चंद मल्टी स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल) पर सीएम फ्लाइंग टीम ने छापा मार कार्रवाई की।...
सोनीपत (सन्नी मलिक) : हरियाणा के सोनीपत जिले के खरखौदा क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शनिवार को सांपला रोड स्थित पीसी मल्टी स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल (पूर्ण चंद मल्टी स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल) पर सीएम फ्लाइंग टीम ने छापा मार कार्रवाई की। यहां बिना किसी वैध डिग्री, रजिस्ट्रेशन और अनुमति के एक तथाकथित मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल लंबे समय से संचालित किया जा रहा था।
जीएनएम पास युवक चला रहा था मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल
जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि अस्पताल बिना किसी योग्य डॉक्टर के ही संचालित किया जा रहा था। मौके पर न तो कोई डॉक्टर मौजूद मिला और न ही अस्पताल संचालन से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत किए जा सके। प्रारंभिक जानकारी में यह भी सामने आया है कि इस अस्पताल में अवैध रूप से ऑपरेशन तक किए जा रहे थे, जिससे मरीजों की जान को गंभीर खतरा बना हुआ था। जांच में सामने आया कि इस अस्पताल का संचालन गांव पाई निवासी अनिल कर रहा था, जिसने केवल 12वीं के बाद जीएनएम (नर्सिंग) का कोर्स किया हुआ है। उसके पास अस्पताल चलाने के लिए न तो कोई वैध डिग्री थी, न रजिस्ट्रेशन और न ही जरूरी दस्तावेज मौके पर उपलब्ध थे। छापेमारी के दौरान अस्पताल में एक मरीज भर्ती मिला, जिसे तुरंत एंबुलेंस के जरिए खरखौदा के सामान्य अस्पताल में शिफ्ट कराया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मरीज की स्थिति को देखते हुए तत्काल उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की। इस कार्रवाई में सीएम फ्लाइंग टीम के साथ खरखौदा स्वास्थ्य विभाग भी मौजूद रहा। टीम में एएसआई राजेश, सीआईडी इंचार्ज जितेंद्र और मेडिकल ऑफिसर डॉ. धीरज सहित अन्य अधिकारी शामिल थे। डॉ. धीरज ने बताया कि पूरे मामले की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है और विस्तृत जांच जारी है। स्वास्थ्य विभाग ने साफ किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले ऐसे फर्जी अस्पतालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि लोगों की जान से खिलवाड़ करने वालों पर रोक लगाई जा सके।