Edited By Isha, Updated: 06 May, 2026 04:31 PM

हरियाणा के पलवल में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब शहर के सबसे व्यस्त इलाके में एक बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी खुद पुलिस स्टेशन पहुंचा और वारदात की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और...
पलवल(गुरूदत्त गर्ग): हरियाणा के पलवल में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब शहर के सबसे व्यस्त इलाके में एक बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी खुद पुलिस स्टेशन पहुंचा और वारदात की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मामला पलवल के शहर थाना क्षेत्र के दरबार कुआं इलाके का है, जहां दो सगे व्यापारी भाइयों के बीच आपसी विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने छोटे भाई की जान ले ली। दोनों भाई दरबार कुआं स्थित दुकानों के ऊपर बने किराए के मकान में रहते थे और सोने की ढलाई का काम करते थे।
बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर हुए विवाद के दौरान बड़े भाई सुरेश कुमार ने छोटे भाई विक्रम पर चाकू और सुआ से हमला कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने से विक्रम की मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी सुरेश खुद पुलिस थाने पहुंचा और पुलिस को घटना की सूचना दी। इसके बाद वह पुलिस को लेकर मौके पर भी आया। सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके से हत्या में इस्तेमाल चाकू और सुआ भी बरामद कर लिया गया है।
शहर थाना प्रभारी प्रकाश चंद्र ने बताया कि दोनों भाई मूल रूप से राजस्थान के पाली जिले के रहने वाले थे और पलवल में किराए पर रहकर सोना ढलाई का काम करते थे। आरोपी सुरेश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है।