8वीं कक्षा की छात्रा की पिटाई से बिगड़ी तबीयत, मां बोली- चौथी बार पीटा, बड़ी बहन सहारा देकर घर लाई

Edited By Isha, Updated: 21 May, 2026 05:44 PM

eighth grade student s health deteriorates after being beaten

लाडवा के एक निजी स्कूल में आठवीं कक्षा की छात्रा की कथित पिटाई का मामला सामने आया है। परिजनों ने आरोप लगाया कि अध्यापिका द्वारा बेरहमी से पीटने के बाद छात्रा की तबीयत बिगड़ गई और वह स्कूल

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): लाडवा के एक निजी स्कूल में आठवीं कक्षा की छात्रा की कथित पिटाई का मामला सामने आया है। परिजनों ने आरोप लगाया कि अध्यापिका द्वारा बेरहमी से पीटने के बाद छात्रा की तबीयत बिगड़ गई और वह स्कूल के कमरे में बेहोश हो गई। बड़ी बहन उसे सहारा देकर घर लेकर पहुंची। मामले में छात्रा की मां ने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित छात्रा की मां ने बताया कि उसकी बेटी ठाकुरी देवी स्कूल में आठवीं कक्षा में पढ़ती है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित अध्यापिका पहले भी उनकी बेटी की कई बार पिटाई कर चुकी है। परिवार ने पहले इन घटनाओं को सामान्य डांट-फटकार समझकर नजरअंदाज कर दिया था, लेकिन इस बार बच्ची की हालत बिगड़ने से वे बेहद परेशान हैं।

मां के अनुसार, दो दिन पहले कक्षा में कुछ बच्चों के बीच खेल-खेल में कहासुनी हो गई थी। इसी दौरान उनकी बेटी ने दूसरी छात्रा से कथित तौर पर “एटीट्यूड मत दिखाओ” कहा था। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर अध्यापिका ने छात्रा को बुरी तरह पीट दिया।

परिजनों का कहना है कि पिटाई के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ गई और वह स्कूल के ऊपरी कमरे में बेहोश हो गई। आरोप लगाया गया कि छुट्टी होने तक भी किसी अध्यापक ने उसकी सुध नहीं ली। बाद में एक छात्रा ने पीड़ित बच्ची की बड़ी बहन को इसकी जानकारी दी। जब बड़ी बहन कक्षा में पहुंची तो छात्रा बेहोशी की हालत में पड़ी मिली।

बताया गया कि बड़ी बहन किसी तरह उसे सहारा देकर नीचे लाई और घर लेकर पहुंची। मां ने आरोप लगाया कि यदि बड़ी बेटी को समय रहते जानकारी नहीं मिलती तो बच्ची स्कूल में ही बंद रह जाती। उन्होंने कहा कि घटना के बाद भी स्कूल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया।

पीड़ित छात्रा की मां ने यह भी आरोप लगाया कि स्कूल की दूसरी अध्यापिका ने उन्हें स्कूल छोड़ने और सीएलसी लेकर जाने की धमकी दी। घटना के बाद बच्ची मानसिक रूप से परेशान है। परिजनों ने बच्ची का मेडिकल करवाकर पुलिस को शिकायत सौंपी है।

वहीं स्कूल के प्राचार्य जगबीर सिंह ने कहा कि वे परिवार से मिलने उनके घर गए थे। उन्होंने बताया कि संबंधित अध्यापिका ने छात्रा के कंधे पर डंडी मारने की बात स्वीकार की है, लेकिन उसका कोई गलत इरादा नहीं था। उन्होंने कहा कि स्कूल के सभी बच्चे उनके अपने बच्चों की तरह हैं और यदि कोई गलती हुई है तो वे इसके लिए क्षमाप्रार्थी हैं। उधर, लाडवा थाना प्रभारी गुरनाम सिंह ने बताया कि छात्रा की मां की शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है।


 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!