Edited By Saurabh Pal, Updated: 21 Jun, 2023 04:37 PM

जेजेपी के प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला सोनीपत पहुंचे। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओ के साथ बैठक कर उन्हें जुलाना में 2 जुलाई होने वाली रैली का न्योता दिया। दिग्विजय ने कहा कि जननायक जनता पार्टी हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। अभी उनकी...
सोनीपत (सन्नी मलिक) : 2024 में होने वाले चुनाव को लेकर बिगुल बज चुका है। जिसको लेकर सभी पार्टियां चुनावी रैली के माध्यम से जनता के बीच जा रही हैं। इस क्रम में 2 जुलाई को जननायक जनता पार्टी जींद के जुलाना में एक चुनावी रैली करने जा रही है। जिसको लेकर बुधवार को जेजेपी के प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला सोनीपत पहुंचे। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओ के साथ बैठक कर उन्हें जुलाना में होने वाली रैली का न्योता दिया। दिग्विजय ने कहा कि जननायक जनता पार्टी हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। अभी उनकी पार्टी सरकार में 20 प्रतिशत हिस्सेदारी में है।
2024 में लोकसभा और फिर हरियाणा में विधानसभा चुनाव होने है। जिसको लेकर सभी पार्टियां चुनावी रैली कर रही हैं। हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी और जननायक जनता पार्टी की गठबंधन की सरकार है। वहीं बीजेपी और जेजेपी में गठबंधन को लेकर जुबानी जंग तेज हो चुकी है। इस पर उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियां सरकार के गठबंधन में हैं। भारतीय जनता पार्टी के साथ उन्होने गठबंधन में 3, 4 चुनाव लड़े हैं। आगामी चुनाव को लेकर अगर दोनों पार्टियों का गठबंधन होता है तो बहुत अच्छा है, वरना जननायक जनता पार्टी की अलग चुनाव लड़ने की सभी तैयारियां पूरी हैं। इस दौरान जजपा महासचिव ने चौधरी विरेंद्र सिंह पर पलटवार करते हुए कहा कि वो राजनीतिक हास्य हैं और उनके बेटे सांसद अपने लोकसभा क्षेत्र से गायब रहे। उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने उचाना का नक्शा ही बदल दिया। अब उचाना की जनता दुष्यंत के साथ है।
वहीं कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि अब पिता-पुत्र की कॉर्पोरेट लिमिटेड पार्टी रह गई है। उन्होंने हवन में कुमारी सैलजा के साथ-साथ बड़े बड़े नेताओं की आहुति डाल दी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि हरियाणा में सरकार बनाने के लिए उन्होंने सबसे पहले भूपेंद्र सिंह हुड्डा को खुद बात कर सरकार बनाने का न्योता दिया था। लेकिन भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने निर्दलीय विधायक उनके साथ न होने की बात बोल कर उनका न्योता ठुकरा दिया था।
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि चुनाव को लेकर उन्होंने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जननायक जनता पार्टी चुनाव को लेकर हर महीने 2 रैलियां करेगी ओर लोकसभा की सभी 10 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। जननायक जनता पार्टी के महासचिव दिग्विजय चौटाला ने कहा कि उनके बड़े नेता उनसे नाराज होते हैं, क्योंकि वह शुरू से ही सरपंचों का समर्थन करते आ रहे हैं।
उन्होंने इनेलो की यात्रा पर चुटकी लेते हुए कहा कि अभय सिंह चौटाला पूरे प्रदेश में घूम चुके हैं। लेकिन उन्हें प्रदेश की जनता का समर्थन नहीं मिला। जिस वजह से अभय सिंह चौटाला हताश हो गए हैं। उन्होंने कहा कि अभय सिंह चौटाला कार्यक्रर्ताओं को धमकाने का काम करते हैं ओर उन्हें डरा कर जेल में डालने की धमकी देते हैं। कार्यकर्ताओं के काम न होने की बात पर उन्होंने कहा कि सरकार में उनकी 20 प्रतिशत की हिस्सेदारी है। जब 2024 में दुष्यंत चौटाला मुख्यमंत्री बनेंगे और उनके पास फुल पावर होगी तो जननायक जनता पार्टी लोगों के हितों में काम करेगी।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)