Edited By Gourav Chouhan, Updated: 30 Dec, 2022 04:11 PM

उन्होंने कहा कि वे खेल मंत्री को कई सालों से जानती हैं। संदीप सिंह एक अच्छे खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने कहा कि छेड़छाड़ के आरोप काफी गंभीर है।
चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): खेल मंत्री संदीप सिंह पर महिला एथलीट द्वारा लगाए गए छेड़छाड़ के आरोपों के बीच खेल विभाग की डिप्टी डायरेक्टर कविता ने उनका बचाव किया है। पंचकूला में प्रेस वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि वे खेल मंत्री को कई सालों से जानती हैं। संदीप सिंह एक अच्छे खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने कहा कि छेड़छाड़ के आरोप काफी गंभीर है। इस मामले में दोनो पक्षों को सुनना चाहिए। ऐसे आरोपों के बाद इतने सालों की मेहनत पर सवालिया निशान खड़ा हो जाता है। इस बीच उन्होंने खेल मंत्री पर आरोप लगाने वाली महिला एथलीट को लेकर कविता ने कहा कि उस महिला द्वारा मेरे साथ भी बदतमीजी की गई है।
डिप्टी डायरेक्टर ने महिला पर लगाए बदतमीजी करने के आरोप
कविता ने कहा कि खेल मंत्री ने खेल के मैदान में काफी मेहनत की है। उन्होंने कहा कि संदीप सिंह को लेकर कभी किसी भी खिलाड़ी की ओर से कोई शिकायत नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि महिला द्वारा लगाए गए आरोप बेहद गंभीर हैं। इसलिए इन आरोपों की जांच होनी चाहिए, क्योंकि यह काफी गंभीर बात है। इसी के साथ संदीप सिंह का बचाव करते हुए उन्होंने कहा कि महिला एथलीट ने एक बार उनके साथ भी बदतमीजी की थी। उन्होंने कहा कि खेल मंत्री पर आरोप लगाने वाली महिला एथलीट के साथ उनकी मुलाकात पंचकूला में ही हुई थी। डिप्टी डायरेक्टर कविता ने बताया कि पंचकूला में खिलाड़ियों के लिए जिम करने के लिए दोपहर साढ़े 3 बजे से शाम साढ़े 6 तक का समय निर्धारित है, लेकिन यह महिला अक्सर काफी लेट आती थी। डिप्टी डायरेक्टर ने बताया कि जब उन्हें समय पर आने के लिए कहा गया तो उन्होंने मेरे साथ बदतमीजी से बात की है। इसलिए उन्होंने एक तरह से महिला पर ही सवाल खड़े कर दिए।
इनेलो के दफ्तर में प्रेसवार्ता कर लगाए थे आरोप
दरअसल बीते दिन ही हरियाणा की एक एथलीट महिला खिलाड़ी ने खेल राज्य मंत्री संदीप सिंह पर छेड़छाड़ करने के गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने खेल मंत्री पर टी-शर्ट फाड़ने और गलत तरीके से छूने की कोशिश करने का भी इलजाम लगाया है। उनका कहना है कि विरोध करने पर मंत्री ने उसका तबादला करने की धमकी दी और अब उसका ट्रांसफर झज्जर में कर दिया गया है, जहां 100 मीटर का भी खेल मैदान नहीं है। महिला ने कहा कि उसे मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है। इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए खेल मंत्री ने महिला कोच के आरोप को गलत बताया है। वहीं इनेलो नेता अभय चौटाला ने कहा कि खेल मंत्री को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)