Edited By Isha, Updated: 19 May, 2026 09:31 AM

करनाल के असंध निवासी कारोबारी मुरारी लाल गोयल (60) और उनकी पत्नी कमलेश (56) सोमवार सुबह करीब सवा पांच बजे पानीपत के सिवाह गांव के पास दिल्ली पैरलल नहर में डूब गए। राहगीरों ने दोनों को नहर
इसराना (पानीपत): करनाल के असंध निवासी कारोबारी मुरारी लाल गोयल (60) और उनकी पत्नी कमलेश (56) सोमवार सुबह करीब सवा पांच बजे पानीपत के सिवाह गांव के पास दिल्ली पैरलल नहर में डूब गए। राहगीरों ने दोनों को नहर में डूबते देखा और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने गोताखोरों की मदद से सर्च अभियान शुरू किया।
करीब पांच घंटे बाद कमलेश का शव सोनीपत के सरढ़ाना गांव के पास, घटनास्थल से लगभग 20 किलोमीटर दूर नहर से बरामद कर लिया गया। वहीं, मुरारी लाल का देर शाम तक कोई सुराग नहीं लग सका। कारोबारी के बेटे ने बताया कि उनके माता-पिता किसी पंडित के कहने पर बिना किसी को बताए नहर किनारे पूजा सामग्री प्रवाहित करने आए थे। सिवाह गांव के पास स्कूटी रोककर दोनों ने चप्पल उतारी और पूजा सामग्री पानी में प्रवाहित करने लगे। इसी दौरान पैर फिसल गया और एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में दोनों नहर में डूब गए।
दंपती की तलाश के लिए सर्च अभियान चलाकर महिला का शव बरामद कर लिया है। परिजनों ने पूजा सामग्री प्रवाहित करते समय पैर फिसलने से हादसा होने की बात कही है। परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। डीएसपी आत्माराम और इसराना थाना प्रभारी हरिराम मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फायर ब्रिगेड, निजी गोताखोरों और एसडीआरएफ की मदद से नहर में सर्च अभियान चलाया। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद कमलेश का शव बरामद कर लिया गया, जबकि मुरारी लाल की तलाश जारी है।