Edited By Krishan Rana, Updated: 23 Feb, 2026 09:48 PM

रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए
फरीदाबाद (अनिल राठी) : रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए बड़ा ऐलान किया है। फरीदाबाद पहुंचे सांसद ने कहा कि 25 तारीख को चंडीगढ़ में विधानसभा का घेराव किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार मनरेगा योजना को खत्म करने की दिशा में काम कर रही है और करीब 14 लाख लोगों के राशन कार्ड काट दिए गए हैं, जिससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों पर संकट खड़ा हो गया है।
हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर सड़क से सदन तक आवाज उठाएगी। उनका कहना है कि मनरेगा जैसी योजना ग्रामीण और गरीब वर्ग के लिए जीवन रेखा है, और इसे कमजोर करना सीधे तौर पर मजदूर वर्ग पर प्रहार है। उन्होंने आरोप लगाया कि राशन कार्ड काटे जाने से लाखों परिवारों का सस्ता अनाज बंद हो गया है, जिससे उनके सामने रोज़मर्रा की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो रहा है।
इसके साथ ही उन्होंने हाल ही में सामने आए 590 करोड़ रुपये के बैंक घोटाले को लेकर भी सरकार को घेरा। हुड्डा ने कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि किन अधिकारियों ने किसके संरक्षण में इस घोटाले को अंजाम दिया। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि मामला केवल एक बैंक तक सीमित नहीं हो सकता, बल्कि अन्य बैंकों में भी इस तरह की अनियमितताएं हो सकती हैं, जिनकी जांच कराना सरकार की जिम्मेदारी है।
राज्यसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस के खाते में एक सीट आ रही है। पार्टी किसे उम्मीदवार बनाएगी, इसका निर्णय केंद्रीय नेतृत्व करेगा। हरियाणा के आगामी बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए हुड्डा ने कहा कि पहले बजट पेश होने दीजिए, उसके बाद ही आकलन किया जाएगा कि सरकार जनता को क्या राहत देती है और किन वर्गों को कितना लाभ मिलता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के हितों से जुड़े हर मुद्दे पर मजबूती से आवाज उठाती रहेगी।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)