Edited By Mohammad Kumail, Updated: 15 Jun, 2023 06:08 PM

शहर की अनाज मंडी में 18 जून को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की रैली है। जहाँ एक ओर भाजपा नेताओं ने रैली को कामयाब बनाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा दिया...
सिरसा (सतनाम सिंह) : शहर की अनाज मंडी में 18 जून को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की रैली है। जहाँ एक ओर भाजपा नेताओं ने रैली को कामयाब बनाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा दिया है, वहीं सिरसा के कुछ भाजपा नेताओं ने इस रैली से दूरी बनाई हुई है। बता दें कि हरियाणा के सीएम मनोहर लाल के पूर्व राजनीतिक सलाहकार जगदीश चोपड़ा भी पिछले कई दिनों से भाजपा के कार्यक्रमों से दूर रहे हैं। उनके साथ पूर्व चेयरमैन रेणु शर्मा, पूर्व चेयरमैन शीशपाल कंबोज, पूर्व चेयरमैन रतनलाल बामनिया, पूर्व चेयरमैन गुरदेव सिंह राही सहित अनेक नेताओं ने भाजपा कार्यक्रमों से दूरी बनाई है।
हालांकि मामला भाजपा हाई कमान के नोटिस में आने के बाद भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने सभी रूठे हुए नेताओं को मानाने का प्रयास भी किया लेकिन अभी तक भाजपा नेताओं की नाराजगी दूर नहीं हुई। वीरवार दोपहर सिरसा की अनाज मंडी में रैली स्थल पर भाजपा के सीनियर नेताओं ने एक मीटिंग की। जिसमें पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, पूर्व मंत्री विपुल गोयल, सिरसा की सांसद सुनीता दुग्गल सहित अनेक नेताओं ने शिरकत की। इन सभी भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने रूठे हुए नेताओं की बात सुनी और उनकी नाराजगी भी दूर की।
मीडिया से बातचीत करते हुए सिरसा की सांसद सुनीता दुग्गल ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की इस रैली को लेकर भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आमजन में भी काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इस रैली में भारी भीड़ उमड़ेगी और अपने लोकप्रिय नेता अमित शाह को सुनेगी। सुनीता दुग्गल ने सिरसा के भाजपा नेताओं की नाराजगी के सवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कोई भी नेता नाराज नहीं है। भाजपा के साथ सभी नेता एकजुट हैं और रैली को कामयाब बनाने के लिए सभी प्रयास कर रहे हैं।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)