Edited By Isha, Updated: 09 Jun, 2026 10:34 AM

डबुआ थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय एक किशोर की हत्या करने के मामले में अपराध शाखा डीएलएफ ने आरोपी रोहित उर्फ फटेला (18) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के सुरजावली गांव का रहने वाला
बल्लभगढ़: डबुआ थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय एक किशोर की हत्या करने के मामले में अपराध शाखा डीएलएफ ने आरोपी रोहित उर्फ फटेला (18) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के सुरजावली गांव का रहने वाला है और उसे मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा। आरोपी के खिलाफ पहले से चोरी के दो मामले दर्ज हैं।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार मृतक आकाश निवासी नंगला एन्क्लेव पार्ट-2 और आरोपी रोहित पिछले डेढ़ साल से एक-दूसरे को जानते थे। करीब ढाई माह पहले ही दोनों गुरुग्राम स्थित सहारा मॉल के एक क्लब में पार्टी करने गए थे।
जहां आकाश की एंट्री फीस के 500 रुपये रोहित ने चुकाए थे। इसके बाद से वह लगातार अपने पैसे वापस मांग रहा था लेकिन आकाश और उसके परिजनों ने रकम लौटाने से इन्कार कर दिया था। जांच में सामने आया कि 5 जून को रोहित फरीदाबाद में एक चोरी के मामले की अदालत में पेशी पर आया था। रात करीब साढ़े नौ बजे वह आकाश को घर से अपने साथ ले गया। दोनों ने साथ बैठकर बीयर पी। इसी दौरान पैसे को लेकर दोनों में विवाद हो गया। इस दौरान गुस्से में आकर रोहित ने सूए से आकाश के पेट व सीने पर कई वार किए और बाद में गमछे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।