गृह राज्य मंत्री के सामने 46 अधिकारियों ने राष्ट्र सेवा की शपथ ली

Edited By Gaurav Tiwari, Updated: 22 Apr, 2026 07:22 PM

46 officers took oath of service to the nation in the presence of the minister o

आज सीआरपीएफ अकादमी के विशाल परिसर में एक भव्य दीक्षान्त समारोह आयोजित किया गया, जिसमें सीआरपीएफ के 46 सीधे नियुक्त राजपत्रित अधिकारियों ने शानदार परेड कर दर्शकों का मन मोह लिया।

गुड़गांव, (ब्‍यूरो): आज सीआरपीएफ अकादमी के विशाल परिसर में एक भव्य दीक्षान्त समारोह आयोजित किया गया, जिसमें सीआरपीएफ के 46 सीधे नियुक्त राजपत्रित अधिकारियों ने शानदार परेड कर दर्शकों का मन मोह लिया। इन अधिकारियों ने उत्साहपूर्ण वातावरण में राष्ट्र की सेवा हेतु अपने प्राणों की आहुति तक देने की शपथ के साथ प्रशिक्षण को पूर्ण किया। समारोह के मुख्य अतिथि, गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार ने उत्कृष्ट परेड की सलामी ली। यह परेड गर्व और आत्मविश्वास से परिपूर्ण थी। उन्होंने सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों और प्रशिक्षु अधिकारियों के परिजनों के साथ पिपिंग समारोह में भी भाग लिया, जहां परिवारजनों द्वारा रैंक पहनाते समय भावनात्मक दृश्य देखने को मिले।

 

गृह राज्य मंत्री ने शानदार परेड की सराहना करते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने में केन्द्रीय रिज़र्व पुलिस बल के योगदान की प्रशंसा की। अपने संबोधन में उन्होंने सीधे नियुक्त राजपत्रित अधिकारियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सीआरपीएफ को वीरता, ईमानदारी, त्याग और समर्पण का प्रतीक बताते हुए देश की आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने में इन अधिकारियों की क्षमता पर पूर्ण विश्वास व्यक्त किया। सीधे नियुक्त राजपत्रित अधिकारियों के 56 वें बैच में 14 राज्यों से आए 46 प्रशिक्षु शामिल हैं, जिनमें 2 महिला अधिकारी भी हैं। इस बैच की शैक्षणिक पृष्ठभूमि मुख्यतः तकनीकी है, जिसमें 19 अधिकारी इंजीनियरिंग डिग्री धारक हैं। 52 सप्ताह का मूल प्रशिक्षण 24 मार्च 2025 को प्रारंभ हुआ। अकादमी द्वारा प्रदान किए गए पारंपरिक प्रशिक्षण के साथ-साथ विभिन्न संस्थानों/संगठनों के सहयोग से विशेष प्रशिक्षण मॉड्यूल भी संचालित किए गए, जैसे-राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के संकाय द्वारा विधि सत्र, आईईडी स्कूल पुणे द्वारा आईईडी मॉड्यूल, नोएडा स्थित वीआईपी प्रशिक्षण केंद्र द्वारा वीआईपी सुरक्षा, एमडीआई गुरुग्राम द्वारा प्रबंधन सत्र, सीआरपीएफ इंटेलिजेंस स्कूल द्वारा खुफिया प्रशिक्षण, बीएसएफ बीआईएएटी देहरादून में रिवर राफ्टिंग/एडवेंचर प्रशिक्षण, और आर. ए. पी. ओ मेरठ द्वारा दंगा नियंत्रण प्रशिक्षण आदि।

 

इसके अतिरिक्त, प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने एस.पी.यू.पी जोधपुर से आंतरिक सुरक्षा एवं पुलिसिंग में पीजी डिप्लोमा भी प्राप्त किया। सी. आर. पी. एफ के एसडीजी प्रशासन जकी अहमद ने गृह राज्य मंत्री की गरिमामयी उपस्थिति के लिए आभार व्यक्त किया और बल की आंतरिक सुरक्षा की बदलती चुनौतियों से निपटने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने सीधे नियुक्त राजपत्रित अधिकारियों को उनके आगामी दायित्वों और चुनौतियों के प्रति सचेत करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। सी.टी.ओ कमांडेंट प्रशिक्षण साधु शरण यादव ने सीधे नियुक्त राजपत्रित अधिकारियों को शपथ दिलाई। सीआरपीएफ अकादमी के एस. डी. जी/निदेशक अमित कुमार ने समारोह में उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह में आसपास के विद्यालयों के बच्चों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति भी देखने को मिली।

 

परेड का नेतृत्व खेसितो योखा, ए.सी. (टी) ने किया। प्लाटूनों का नेतृत्व क्रमशः प्रतिष्ठा राय, ए.सी. (टी) और राजीव रंजन, ए. सी. (टी) ने किया। परेड के एडजुटेंट प्रवीण कुमार, ए.सी. (टी) रहे। खेसितो योखा, ए.सी. (टी), को सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षु घोषित किया गया। उन्हें गृह मंत्री ट्रॉफी, स्वोर्ड ऑफ ऑनर, सर्वश्रेष्ठ ड्रिल और सर्वश्रेष्ठ आउटडोर प्रशिक्षु के पुरस्कार प्रदान किए गए। सुश्री प्रतिष्ठा राय, एसी (टी), को इनडोर विषयों में सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षु घोषित किया गया। खेसितो योखा, ए. सी. (टी), को प्रतिष्ठित डायरेक्टर बैटन से भी सम्मानित किया गया। अंगोम रोनेश सिंह, ए. सी. (टी), को शारीरिक प्रशिक्षण में सर्वश्रेष्ठ घोषित किया गया। खेसितो योखा, ए.सी. (टी), को सर्वश्रेष्ठ निशानेबाज का पुरष्कार भी दिया गया। अंकित नंदन, ए. सी. (टी), को टैक्टिक्स में सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षु घोषित किया गया। स्क्वाड नंबर 2 को सर्वश्रेष्ठ स्क्वाड घोषित किया गया और उसे डी. जी., सी. आर. पी. एफ का बैनर प्रदान किया गया।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!