Edited By Yakeen Kumar, Updated: 19 Aug, 2025 05:19 PM

हरियाणा सरकार ने ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण अग्रोहा को विश्व पुरातात्विक मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।
चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार ने ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण अग्रोहा को विश्व पुरातात्विक मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश सरकार यहां एक मास्टर प्लान तैयार कर रही है, जिसके तहत अत्याधुनिक संग्रहालय का निर्माण किया जाएगा और खुदाई से मिले पुरावशेषों को सुरक्षित व प्रदर्शित किया जाएगा।
सोमवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय बैठक में अग्रोहा पुरातात्विक स्थल के विकास की समीक्षा की गई। बैठक में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, पूर्व मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, असीम गोयल और विधानसभा के उपाध्यक्ष भी मौजूद रहे।
प्राचीन टीलों को वैश्विक स्तर पर मिलेगी पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रस्तावित संग्रहालय न केवल आगंतुकों को क्षेत्र की समृद्ध ऐतिहासिक धरोहर से जोड़ेगा, बल्कि उन्हें एक ज्ञानवर्धक और आकर्षक अनुभव भी प्रदान करेगा। उनका मानना है कि महाराजा अग्रसेन की राजधानी होने के कारण अग्रोहा अत्यधिक महत्वपूर्ण स्थल है और इसका समुचित विकास इसे आस्था और सांस्कृतिक धरोहर का केंद्र बनाने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय पर्यटन गंतव्य के रूप में भी स्थापित करेगा। सरकार का लक्ष्य है कि अग्रोहा को आधुनिक पर्यटन सुविधाओं से लैस किया जाए और यहां के प्राचीन टीले एवं पुरातात्विक महत्व के अवशेषों को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाई जाए।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)