Edited By Saurabh Pal, Updated: 24 Nov, 2023 03:11 PM

बूड़िया थाना क्षेत्र में ससुरालियों द्वारा एक महिला के साथ हैवानियत का मामला आया है। पीड़ित महिला ने पति सहित ससुराल पक्ष के 6 लोगों पर मारपीट कर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। आरोपियों में एक मौलवी भी शामिल है।
यमुनानगर(अभिषेक दत्ता): बूड़िया थाना क्षेत्र में ससुरालियों द्वारा एक महिला के साथ हैवानियत का मामला आया है। पीड़ित महिला ने पति सहित ससुराल पक्ष के 6 लोगों पर मारपीट कर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। आरोपियों में एक मौलवी भी शामिल है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोप है कि पति ने उसे तीन बार तलाक बोला। जिसकी पुलिस से शिकायत देने पर समझौता कर लिया। बाद में मौलवी के कहने पर हलाला के नाम पर जेठ ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
इद्दत के बाद भी पति ने नहीं किया दोबारा निकाह
महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका निकाह वर्ष 2001 में बूड़िया थाना एरिया के गांव निवासी व्यक्ति से हुआ था। नवंबर 2021 में उसके पति और अन्य ने उस पर हमला कर दिया। उसके पति ने उसे तीन बार तलाक बोलकर घर से निकाल दिया था। जिस पर उसने करनाल थाने में शिकायत दी थी। वहां पुलिस ने केस दर्ज किया था, लेकिन बाद में पति उसे साथ रखने को तैयार हो गया था। तब पति ने कहा था कि वह तीन तलाक के बाद उसे बिना मुस्लिम शरीयत और हलाला के साथ रखेगा। बाद में पति कहने लगा कि वह बिना शरीयत के उसे साथ नहीं रख सकता और उसे पांच माह के लिए इद्दत करने को कहा। उसने यह भी किया, लेकिन इद्दत के बाद भी पति ने उसके साथ दोबारा निकाह नहीं किया।
हलाला के नाम पर जेठ ने किया दुष्कर्म
महिला ने पुलिस को बताया कि 10 मार्च को उसका पति, जेठ, परिवार एक और सदस्य मिलकर एक मौलवी को घर पर लाए। मौलवी ने उसे कहा कि हलाला या तो वह कर सकता है या फिर उसके जेठ कर सकते हैं। तब उसने जेठ और उसे कमरे में बंद कर दिया। इस दौरान जेठ ने दुष्कर्म साथ दुष्कर्म किया। धमकी दी कि यह बात किसी को नहीं बतानी, लेकिन उसने इसकी शिकायत एसपी करनाल से की। उसके बाद भी दोनों पक्षों में समझौता हो गया था। जब वह ससुराल में आई तो उसके साथ मारपीट की जाने लगी। पति ने बच्चों को भी पीटा। उसके जेवरात तक छीन लिए। उसने किसी ने तरह से अपने भाई को फोन पर पूरी बात बताई। भाई यहां ससुराल में पहुंचा और उसे अपने साथ लेकर घर चला गया। करनाल थाना पुलिस को शिकायत दी गई, लेकिन वहां से शिकायत बूड़िया ट्रांसफर कर दी गई। बूड़िया थाना पुलिस ने केस दर्ज किया।
पति सहित 8 ससुरालियों पर दुष्कर्म का आरोप
यमुनानगर के पुलिस अधीक्षक गंगाराम पूनिया ने बताया कि करनाल जिले से एक एफआईआर यमुनानगर में ट्रांसफर की गई थी। जिसमें पीड़िता ने ससुराल पक्ष के 8 लोगों के खिलाफ बलात्कार, मारपीट, मुस्लिम वूमेन प्रोटेक्शन एक्ट सहित विभिन्न आरोपों में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया की पीड़िता के न्यायालय में बयान करवाए जाएंगे। उसी के मुताबिक जांच व कार्रवाई की जाएगी।
लगातार आ रहे 'ट्रिपल तलाक' के मामले
ट्रिपल तलाक को पर कानून बनने के बाद भी लगातार ऐसे मामले सामने आ रहे हैं। मुस्लिम महिलाओं के शोषण के भी मामले बढ़ रहे हैं। इस मामले में पुलिस ने गंभीरता दिखाई । 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ। अब पुलिस जांच कर रही है देखना होगा पुलिस कब तक इसमें जांच के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी करती है।
(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।)
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)