Edited By Isha, Updated: 29 Mar, 2026 05:35 PM

कस्बे के ओम भठ्ठे पर प्रदेश के भठ्ठा संचालकों और व्यापारियों की एक बैठक का आयोजन किया गया।बैठक भठ्ठा संचालक से 2 करोड़ की रंगदारी मांगने के विरोध में की गई। बैठक की अध्यक्षता भठ्ठा एसोसिएशन के प्रदेश सचिव सतपाल ने की।
जुलाना(विजेन्दर): कस्बे के ओम भठ्ठे पर प्रदेश के भठ्ठा संचालकों और व्यापारियों की एक बैठक का आयोजन किया गया।बैठक भठ्ठा संचालक से 2 करोड़ की रंगदारी मांगने के विरोध में की गई। बैठक की अध्यक्षता भठ्ठा एसोसिएशन के प्रदेश सचिव सतपाल ने की। बैठक में लोगों को संबोधित करते हुए सतपाल ने कहा कि कस्बे के जींद-रोहतक मार्ग पर स्थित ओम भठ्ठे के संचालक से 2 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। इस घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल बन गया है।
भठ्ठा संचालक अनूप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मंगलवार को दोपहर बाद करीब 4 बजे उसके मोबाइल फोन पर एक व्हाट्सएप कॉल आई। जब उसने कॉल उठाई तो दूसरी ओर से बोल रहे व्यक्ति ने उसे 2 करोड़ रुपये तैयार रखने की धमकी दी। उसी दिन रात करीब 9 बजे दोबारा उसी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। इस बार भी आरोपी ने रंगदारी की मांग दोहराई और जल्द से जल्द पैसे की व्यवस्था करने को कहा। लगातार मिल रही धमकियों के कारण भठ्ठा संचालक और उसके परिवार में डर का माहौल बन गया है। कॉल करने वाले व्यक्ति अपनी पहचान रणदीप मलिक के रूप में बताई और उसने बताया कि वह लॉरेंस बिशनोई गैंग का सदस्य है। बैठक में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि 31 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया जोकि प्रदेश के मुख्यमंत्री से मिलकर समाधान की मांग करेगी।