Edited By Harman, Updated: 16 Jun, 2026 11:14 AM

हरियाणा के हांसी शहर में सोमवार को आए तेज तूफान ने जमकर कहर बरपाया है। आंधी-तूफान से दीवार गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका 12 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
हांसी : हरियाणा के हांसी शहर में सोमवार को आए तेज तूफान ने जमकर कहर बरपाया है। आंधी-तूफान से दीवार गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका 12 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान भाटिया कॉलोनी निवासी 40 वर्षीय सोनू जांगड़ा के रूप में हुई है। घायल बच्चे का नाम अभय बताया गया है। सोनू जांगड़ा त्रिकोणा पार्क के पास सब्जी और ब्रेड का ठेला लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। जिस पुरानी दीवार के सहारे सोनू ने अपना ठेला लगाया हुआ था, वह अचानक तेज़ आंधी-तूफान के कारण भरभराकर गिर गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
सोनू की हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हिसार के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया, लेकिन वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं। घायल अभय बड़ा बेटा है, जबकि छोटा बेटा अभी पढ़ाई कर रहा है। सोनू की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।