Edited By Gourav Chouhan, Updated: 27 Oct, 2022 02:57 PM

गुरुवार को भी प्रदर्शनकारी और भारतीय मजदूर संघ से संबंधित सफाई कर्मचारियों के बीच टकराव की स्थिति बन गई। प्रदर्शनरत कर्मचारियों का कहना है कि सरकार उनकी बात सुनने को तैयार नहीं है।
यमुनानगर(सुरेंद्र): प्रदेशभर में प्रदर्शनरत निगम के सफाई कर्मचारियों की मांगे नहीं माने जाने पर कई जगह पुलिस और सरकार के साथ कर्मचारियों के टकराव की खबरें सामने आ रही हैं। यमुनानगर में भी बीते दिन महिलाओं के साथ पुलिस के झड़प हुई, जिसमें प्रदर्शनकारी महिलाओं को हल्की चोटें भी आई हैं। इस बीच गुरुवार को भी प्रदर्शनकारी और भारतीय मजदूर संघ से संबंधित सफाई कर्मचारियों के बीच टकराव की स्थिति बन गई। प्रदर्शनरत कर्मचारियों का कहना है कि सरकार उनकी बात सुनने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि वे अपने आंदोलन को कमजोर नहीं पड़ने देंगे।
दरअसल नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शहर में गंदगी के ढेर लग गए हैं। चरमरा उठी सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए जिला प्रशासन ने भारतीय मजदूर संघ से संबंधित सफाई कर्मचारियों की मदद लेनी शुरू कर दी है। यमुनानगर में भी बीएमएस के सफाई कर्मचारियों ने जिला प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में कूड़ा उठान का प्रयास किया। इसी बीच प्रदर्शनकारी नगरपालिका कर्मचारी भी वहां पहुंच गए और उन्होंने इसका विरोध करते हुए सफाई का काम रुकवा दिया। यमुनानगर के मॉडल कॉलोनी में भारतीय मजदूर संघ से संबंधित सफाई कर्मचारी इलाके के विभिन्न पार्षदों के साथ मेयर इकट्ठा हुए थे। जैसे ही उन्होंने कूड़ा उठाने की कार्रवाई शुरू की तो उसी दौरान प्रदर्शनकारी नगर पालिका कर्मचारी वहां पहुंच गए, जिसका उन्होंने काफी विरोध किया। इसके बाद ट्राली में डाला गया वहीं कूड़ा वापस गिरा दिया गया। नगर पालिका कर्मचारी नेताओं का कहना है कि सरकार कर्मचारियों में फूट डालने और आंदोलन को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। इसे किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा।

बता दें कि कर्मचारियों की हड़ताल आज 9वें दिन में प्रवेश कर गई। एक तरफ जहां पर प्रदेश भर में चौक चौराहों पर गंदगी के ढेर लगे हुए हैं, वहीं कुछ इलाकों में सरकार ने पुलिस की मदद से कूड़ा उठाने का भी प्रयास किया। इसी के चलते कई जगह प्रदर्शनकारी व सरकार समर्थक सफाई कर्मचारी आमने-सामने हुए हैं।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)