Edited By Isha, Updated: 26 Aug, 2026 10:22 AM

बहादुरगढ़ में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच मंगलवार देर रात पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। शहर में कूड़ा उठाने का विरोध कर रहे हड़ताली सफाई कर्मचारियों को पुलिस ने डिटेन कर बसों में भरकर थाने
बहादुरगढ़(प्रवीण कुमार धनखड़): बहादुरगढ़ में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच मंगलवार देर रात पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। शहर में कूड़ा उठाने का विरोध कर रहे हड़ताली सफाई कर्मचारियों को पुलिस ने डिटेन कर बसों में भरकर थाने पहुंचाया। इसके बाद पुलिस सुरक्षा में शहर के विभिन्न इलाकों से कूड़ा उठाने का काम शुरू किया गया।
सफाईकर्मी जेसीबी और कूड़ा उठाने पहुंची टीमों के सामने अड़ गए और पहले कूड़ा नहीं उठाने दिया। हड़ताली कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। देर रात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विरोध कर रहे कर्मचारियों को मौके से हटाया और थाने ले गई।
पिछले दो दिनों से सफाई कर्मचारी हड़ताल पर बैठे हुए हैं, जिसके चलते शहर की सड़कों, गलियों और चौक-चौराहों पर कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। हालात ऐसे बने हैं कि सरकार और हड़ताली कर्मचारियों के बीच जारी टकराव का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
एक तरफ सरकार अपने रुख पर अड़ी हुई है तो दूसरी ओर सफाई कर्मचारी भी अपनी मांगों को लेकर पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। दोनों के बीच चल रही इस खींचतान में बहादुरगढ़ का आमजन कूड़े और गंदगी के बीच जीवन जीने को मजबूर है।