Edited By Saurabh Pal, Updated: 15 Dec, 2023 08:16 PM
राजपूत करणी सेना प्रमुख सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड में मुख्य आरोपी नितिन फौजी के एक साथी ने जेल में आत्म हत्या की कोशिश की है। जानकारी के अनुसार आरोपी ने ब्लेड से अपना गला काट लिया था। जेल की बैरक में खून के निशान देखते ही जेल कर्मियों के...
नारनौल (भलेंद्र यादव): राजपूत करणी सेना प्रमुख सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड में मुख्य आरोपी नितिन फौजी के एक साथी ने जेल में आत्म हत्या की कोशिश की है। जानकारी के अनुसार आरोपी ने ब्लेड से अपना गला काट लिया था। जेल की बैरक में खून के निशान देखते ही जेल कर्मियों के हाथपांव फूल गए। जिसके बाद आनन-फानन में उसे नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इस बारे में जेल अधीक्षक ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी है। सूचना मिलने के बाद पुलिस आगामी कार्रवाई में जुट गई है।
नितिन फौजी के साथ पुलिस पर किया था हमला
जयपुर के गोगामेड़ी हत्याकांड के मुख्य आरोपी नितिन फौजी पर गत 9 नवंबर को महेंद्रगढ़ के गांव खुडाना में गाड़ी से पुलिस की गाड़ी में टक्कर मारने व फायरिंग का आरोप है। इस मामले में महेंद्रगढ़ सदर थाना में एफआईआर दर्ज है। जिसमें उस गाड़ी में कुछ युवाओं के बैठने का जिक्र है। इस मामले में पुलिस ने गांव रिवासा के कुलदीप नामक युवक को गिरफ्तार किया था, जो वारदात के समय नितिन फौजी के साथ बताया जा रहा है। जबकि इस मामले में नितिन फौजी व अन्य आरोपी फरार थे। नितिन फौजी को राजस्थान पुलिस ने सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड में पकड़ रखा है। अब इस मामले में नारनौल पुलिस भी नितिन फौजी को लाने का प्रयास करेगी।
कुलदीप ने सुबह 8 बजे किया आत्महत्या का प्रयास
नितिन फौजी के साथ पुलिस पार्टी की गाड़ी को टक्कर मारने व फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने कुलदीप को गिरफ्तार किया था। गांव रिवासा निवासी कुलदीप जिला जेल में बंद है। शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे उसने ब्लेड से गला काटकर आत्महत्या की कोशिश की। जब इसकी सूचना जेल कर्मियों को लगी तो उनमें हड़कंप मच गया। जेल कर्मियों ने कुलदीप को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां पर उसकी गंभीर हालत के चलते उसे रेफर कर दिया गया।
समय रहते पहुंचाया गया अस्पताल
इस बारे में जेल एसपी संजय कुमार ने बताया कि महेंद्रगढ़ थाने में दर्ज एफआईआर नंबर 388 के मुकदमे में बंद बंदी कुलदीप ने आज सुबह आत्महत्या करने का प्रयास किया था। जिसको समय रहते इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा दिया गया। इसकी सूचना उन्होंने शहर थाना पुलिस को दे दी है।
(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।)
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)