Edited By Manisha rana, Updated: 20 Mar, 2026 10:41 AM

जिले के गांव रायचंदवाला में एक परिवार के बीच मुर्गी चोरी को लेकर झगड़ा इतना बढ़ गया कि भतीजे अजय (20) ने घर में घुसकर अपनी 40 वर्षीय चाची रेशमा की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। अलेवा थाना पुलिस ने मृतका की सास लिच्छमी देवी की शिकायत पर हत्या का केस...
जींद : जिले के गांव रायचंदवाला में एक परिवार के बीच मुर्गी चोरी को लेकर झगड़ा इतना बढ़ गया कि भतीजे अजय (20) ने घर में घुसकर अपनी 40 वर्षीय चाची रेशमा की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। अलेवा थाना पुलिस ने मृतका की सास लिच्छमी देवी की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
गांव रायचंदवाला की लिच्छमी देवी ने बताया कि उनके बड़े बेटे अजमेर की करीब 20-25 दिन पहले कुछ मुर्गियां चोरी हो गई थीं। अजमेर को शक था कि ये मुर्गियां उसके छोटे भाई अशोक की पत्नी रेशमा ने चोरी की हैं। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों में मनमुटाव और झगड़ा चल रहा था। रेशमा ने समाज की परवाह न करते हुए करीब 14 साल पहले गांव रायचंदवाला के अशोक के साथ प्रेम विवाह किया था। उनके 2 बेटे युवराज (12) और छोटा बेटा हनुमान (8) हैं। करीब एक साल पहले पति अशोक की मृत्यु के बाद रेशमा अपने दोनों बच्चों के साथ गांव में ही रह रही थी।
लिच्छमी देवी ने बताया कि 18 मार्च की रात करीब 8 बजे अजमेर का बेटा अजय हाथ में चाकू लेकर रेशमा के घर में घुस गया। शोर सुनकर जब वह मौके पर पहुंची तो देखा कि अजय अपनी ही चाची के पेट और छाती पर चाकू से वार कर रहा था। खून से लथपथ रेशमा आंगन में ही गिर गई। बाद में आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गया। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन महिला ने हालत गंभीर होने पर दम तोड़ दिया। सीन ऑफ क्राइम टीम जींद के इंचार्ज डा. धर्मेंद्र सिवाच ने घटनास्थल का निरीक्षण करके साक्ष्य जुटाए। पुलिस को मौके से खून से सना चाकू, खून से सने कपड़े, 2 जोड़ी चप्पलें और खून के नमूने मिले हैं।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)