Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 02 May, 2025 08:06 PM

स्वच्छता कर्मियों की हड़ताल से मानेसर नगर निगम की सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। नियमित सफाई नहीं होने से क्षेत्र में जगह-जगह कूडे़ के ढ़ेर लग गए है। बारिश के कारण हालात बद से बदतर हो गए है।
गुड़गांव, (ब्यूरो): स्वच्छता कर्मियों की हड़ताल से मानेसर नगर निगम की सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। नियमित सफाई नहीं होने से क्षेत्र में जगह-जगह कूडे़ के ढ़ेर लग गए है। बारिश के कारण हालात बद से बदतर हो गए है। इससे लोगों में नगर निगम के प्रति रोष पनप रहा है। सफाई व्यवस्था की हालत बिगड़ने और कूड़े के ढ़ेर लगने से निगम क्षेत्र में बीमारियों के फैलने का अंदेशा बढ़ गया है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर टच करें।
नगर निगम और स्वच्छता कर्मियों में तनातनी से आम जनता परेशान है। आम जनता की माने तो मानेसर नगर निगम में सफाई के नाम पर बड़ा खेल हो रहा है। करोड़ो का घोटाला उजागर हुआ है। जिसमें सफाई एजेंसी को कम मैनपावर के बावजूद पूरी राशि का भुगतान नगर निगम द्वारा किया गया है। वार्ड-8 से पार्षद निर्वाचित हुए भूपेंद्र सिंह उर्फ बंटी नंबरदार ने कहा कि निगम अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
उन्होने कहा कि स्वच्छता कर्मियों को पिछले दो माह से वेतन नहीं मिला जिसके कारण वो हड़ताल पर है। समय पर वेतन नहीं मिलने से स्वच्छता कर्मियों के परिवारों का गुजर-बसर कैसे होगा। अधिकारियों को जल्द से जल्द उनकी समस्या का समाधान करना चाहिए ताकि क्षेत्र में सफाई व्यवस्था फिर से पटरी पर लौटे। विधायक, मेयर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी इस मामले में हस्तक्षेप करना चाहिए। निगम पार्षद भूपेंद्र सिंह ने कहा कि सफाई की सुविधा मूलभूत सुविधाओं के अंतर्गत आती है। इसलिए सरकार को भी इस पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।