Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 21 Feb, 2026 07:59 PM

अगर आपने भी घरेलू कामकाज के लिए नौकरानी रखी हुई है तो सावधान हो जाओ। ऐसा न हो कि यह आपके घर में नकदी, गहनों के अलावा आपके मोबाइल का डाटा चोरी कर उसका दुरुपयोग कर ले।
गुड़गांव, (ब्यूरो): अगर आपने भी घरेलू कामकाज के लिए नौकरानी रखी हुई है तो सावधान हो जाओ। ऐसा न हो कि यह आपके घर में नकदी, गहनों के अलावा आपके मोबाइल का डाटा चोरी कर उसका दुरुपयोग कर ले। ऐसा ही एक मामला सेक्टर-14 एरिया में सामने आया है। सेक्टर-14 अर्बन एस्टेट इलाके में एक महिला डॉक्टर के घर कार्यरत नौकरानी द्वारा अलमारी से 1.50 लाख रुपये की नकदी चोरी करने और डॉक्टर के मोबाइल फोन का डेटा चोरी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी नौकरानी और उसके भाई-बहन के खिलाफ सेक्टर-14 थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
सेक्टर-14 निवासी डॉ. मीतू खोला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 16 फरवरी को उन्होंने अपनी नौकरानी को अलमारी से चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ा था। पूछताछ में ज्योति ने कबूल किया कि वह पहले भी कई बार चोरी कर चुकी है और चोरी की रकम अपनी बहन आरती और भाई अंशु को भेज देती थी। पकड़े जाने के डर से ज्योति वहां से भागने में सफल रही, लेकिन जल्दबाजी में अपना मोबाइल फोन वहीं छोड़ गई।
जब डॉक्टर ने नौकरानी का फोन चेक किया, तो उनके होश उड़ गए। नौकरानी के फोन की कॉन्टैक्ट लिस्ट हूबहू डॉ. मीतू के फोन जैसी थी। आशंका जताई जा रही है कि नौकरानी ने किसी तकनीक के जरिए डॉक्टर का फोन हैक या क्लोन कर लिया था और सारा डेटा अपने फोन में डाउनलोड कर लिया था। डॉक्टर ने पुलिस को पेन ड्राइव में घटना की सीसीटीवी फुटेज और नौकरानी का फोन सौंप दिया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि नौकरानी अपनी बहन और भाई के साथ सेक्टर-17/18 सुखराली इलाके में किराए पर रहती है। पुलिस अब आरती की यूपीआई आईडी और बैंक ट्रांजेक्शन की भी जांच कर रही है ताकि चोरी की गई रकम का पता लगाया जा सके। सेक्टर-14 थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। जांच अधिकारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर विशेषज्ञों की भी मदद ली जा रही है ताकि यह पता चल सके कि मोबाइल डेटा कैसे चुराया गया। पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सुखराली और अन्य संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।