Edited By Manisha rana, Updated: 13 Apr, 2026 01:07 PM

कुरुक्षेत्र शहर की 7वीं कॉलोनी में घरेलू नौकरानी की बेटी पर करीब 10 लाख रुपए के सोने के गहने चोरी कर फरार होने का आरोप लगा है। घटना के बाद मकान मालकिन ने मामले की शिकायत सुभाष मंडी चौकी पुलिस को दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच...
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : कुरुक्षेत्र शहर की 7वीं कॉलोनी में घरेलू नौकरानी की बेटी पर करीब 10 लाख रुपए के सोने के गहने चोरी कर फरार होने का आरोप लगा है। घटना के बाद मकान मालकिन ने मामले की शिकायत सुभाष मंडी चौकी पुलिस को दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वार्ड नंबर 20 निवासी लीना शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके घर में धाणक कॉलोनी निवासी पिंकी पिछले कई वर्षों से घरेलू काम करती है। कई बार उसकी बेटी पायल भी उसके साथ काम में हाथ बंटाने के लिए आती थी। सोमवार सुबह करीब 11 बजे पिंकी की जगह उसकी बेटी पायल अकेले ही काम करने के लिए घर पहुंची थी।
लीना शर्मा ने बताया कि वह उस समय घर की लॉबी में कपड़े धो रही थीं। कुछ देर बाद जब वह अपने कमरे में गईं तो पायल घर से जा चुकी थी। कमरे में रखी अलमारी खुली हुई थी, जिससे उन्हें शक हुआ। इसके बाद उन्होंने अलमारी और अपने लेडीज पर्स की जांच की। पर्स चेक करने पर उसमें रखे सोने के गहने गायब मिले। इनमें एक चैन लॉकेट, छह सोने की अंगूठियां और एक सोने का ब्रेसलेट शामिल है। पीड़िता के अनुसार इन गहनों की कीमत करीब 10 लाख रुपए है। वहीं लीना शर्मा का कहना है कि उस समय घर में उनके अलावा केवल पायल ही मौजूद थी, इसलिए उन्हें पूरा शक है कि पायल ने मौका देखकर अलमारी खोलकर पर्स से गहने चोरी किए और फरार हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)