Edited By Updated: 15 Apr, 2017 09:38 AM
वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि राज्य सरकार हरियाणवी फिल्म उद्योग को बालीवुड की तर्ज पर विकसित करने की योजना तैयार कर रही है।
कुरुक्षेत्र (रणदीप रोड):वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि राज्य सरकार हरियाणवी फिल्म उद्योग को बालीवुड की तर्ज पर विकसित करने की योजना तैयार कर रही है। राज्य सरकार ने हरियाणवी फिल्मों और कलाकारों को प्रगति की राह पर और आगे ले जाने के लिए नई फिल्म नीति लागू करने का काम किया है।
कैप्टन मैक के प्रांगण में हरियाणा अंतर्राष्ट्रीय लघु फिल्म महोत्सव के दूसरे दिन के सत्र का शुभारंभ करने उपरांत पत्रकारवार्ता कर रहे थे। इससे पहले वित्तमंत्री अभिमन्यु, विधायक सुभाष सुधा, विधायक डॉ. पवन सैनी, डी.सी. सुमेधा कटारिया, फिल्म अभिनेता यशपाल शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मवीर मिर्जापुर, मैक के मुख्य सलाहकार महेश जोशी, निर्देशक धर्मेंद्र डांगी, नकुल, दिनेश गोयल, डॉ. महा सिंह पूनिया, फिल्म अभिनेता जयदीप अहलावत ने दीपशिखा प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। हिसार से आई लोक कलाकारों ने हरियाणवी लोकगीत प्रस्तुत कर मेहमानों का स्वागत किया।
कार्यक्रम में कैप्टन ने संस्कृति आर्ट एंड कल्चरल सोसायटी को 5 लाख अनुदान राशि देने की घोषणा की। महोत्सव में कैप्टन ने 15 मिनट की लघु फिल्म लिविंग आइडल भी देखी। कैप्टन ने प्रदेशवासियों को डा. भीमराव अम्बेदकर की जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति का सम्पूर्ण विकास करने के लिए कला की साधना जरूरी है। हरियाणा की संस्कृति की पूरी दुनिया में अलग पहचान है। फिल्मी जगत में हरियाणवी भाषा की अलग जगह है। अब फिल्मों में हरियाणवी संस्कृति की झलक नजर आने लगी है। दंगल और सुल्तान जैसी फिल्मों ने प्रदेश की अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अलग पहचान बनाई है। आज हरियाणा का फिल्म उद्योग उभरता नजर आ रहा है।