Edited By Manisha rana, Updated: 25 Jun, 2026 11:20 AM

शहर के सबसे व्यस्त क्षेत्रों में शामिल बस स्टैंड के बाहर स्थित इंडसइंड बैंक के ए.टी.एम. को निशाना बनाकर चोरों ने 20.17 लाख रुपए की बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने देर रात गैस कटर से ए.टी.एम. मशीन को काटकर उसमें रखी नकदी निकाल ली और...
सोनीपत : शहर के सबसे व्यस्त क्षेत्रों में शामिल बस स्टैंड के बाहर स्थित इंडसइंड बैंक के ए.टी.एम. को निशाना बनाकर चोरों ने 20.17 लाख रुपए की बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने देर रात गैस कटर से ए.टी.एम. मशीन को काटकर उसमें रखी नकदी निकाल ली और फरार हो गए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात को पूरी तैयारी और पेशेवर तरीके से अंजाम दिया गया। ए.टी.एम. में घुसे बदमाश ने पहले अपना चेहरा कपड़े से ढका और फिर सी.सी.टी.वी. कैमरे पर स्प्रे डाल दिया ताकि उसकी पहचान न हो सके। इसके बाद गैस कटर से मशीन को काटकर करीब 20,17,900 रुपए की नकदी निकाल ली। फरीदाबाद की ग्रीनफील्ड कॉलोनी निवासी और सी.एस.एस. कंपनी के ब्रांच मैनेजर नितिन गुलेरिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी कंपनी हिताची पेमैंट सर्विसेज के साथ मिलकर ए.टी.एम. के रखरखाव का काम करती है।
बुधवार सुबह सफाई कर्मचारी ने चोरी की सूचना दी जिसके बाद वह सोनीपत पहुंचे और मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही ए.सी. पी. सिटी-1 अमित धनखड़, थाना सिविल लाइन प्रभारी रविंद्र दहिया और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए और ई-साक्ष्य प्रणाली के तहत घटनास्थल की वीडियोग्राफी भी करवाई गई। पुलिस आसपास लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)