पति की आंतों के साथ लीवर-किडनी भी बोरी में मिलीं, कुरुक्षेत्र हत्याकांड में नया खुलासा...पति को बताया चचेरा भाई

Edited By Isha, Updated: 29 Aug, 2026 02:50 PM

husband s liver and kidneys along with his intestines found in a sack

: कुरुक्षेत्र में पति की बेरहमी से हत्या कर उसके शरीर के अंग निकालने के मामले में जांच के दौरान नया खुलासा हुआ है। आरोपी पत्नी विमला ने राजेश की केवल आंतें ही नहीं निकाली थीं, बल्कि पुलिस को बरामद बोरी

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): कुरुक्षेत्र में पति की बेरहमी से हत्या कर उसके शरीर के अंग निकालने के मामले में जांच के दौरान नया खुलासा हुआ है। आरोपी पत्नी विमला ने राजेश की केवल आंतें ही नहीं निकाली थीं, बल्कि पुलिस को बरामद बोरी से लीवर का एक हिस्सा और किडनी भी मिली हैं। पुलिस ने बरामद अंगों को जांच के लिए पंचकूला स्थित मोगनंद लैब भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि मृतक को हत्या से पहले किसी नशीले पदार्थ या अन्य चीज का सेवन कराया गया था या नहीं।

आरोपी महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उसे इलाज के लिए चंडीगढ़ PGI रेफर किया गया है। इससे पहले लोकनायक जयप्रकाश सिविल अस्पताल में इलाज के दौरान वह मैथिली भाषा में बात कर रही थी। उसकी बात समझने में डॉक्टरों को परेशानी हो रही थी। अस्पताल में मौजूद एक महिला उसकी भाषा समझती थी, जिसने डॉक्टरों को उसकी बातें बताईं।

पति को बताया चचेरा भाई
महिला के अनुसार, विमला इलाज के दौरान अपने पति राजेश को अपना चचेरा भाई बता रही थी। इससे पहले वह यह भी कह चुकी थी कि उसके सिर पर काली माता आई थीं और किसी आत्मा ने उसे छत से नीचे धक्का दे दिया था। उसके इन बयानों और व्यवहार को देखते हुए उसकी मानसिक स्थिति को लेकर चिकित्सकों ने जांच की।

एक साल से कुरुक्षेत्र में रह रहा था राजेश
मृतक राजेश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सीतापुर का रहने वाला था और करीब एक साल से कुरुक्षेत्र के पिहोवा रोड स्थित किराए के मकान में रह रहा था। वह पास ही एक आरओ प्लांट में काम करता था। बताया गया है कि विमला उसकी तीसरी पत्नी थी। पहली दो पत्नियों से तलाक के बाद राजेश ने विमला से प्रेम विवाह किया था।

21 अगस्त को पत्नी ने की हत्या
पुलिस जांच के अनुसार 21 अगस्त को विमला ने राजेश की हत्या कर दी। हत्या के बाद वह करीब तीन से चार घंटे तक शव के पास बैठी रही। शाम करीब 4 से 5 बजे मकान मालिक रिंकू राजेश के कमरे में पहुंचा तो उसने विमला को शव के पेट से आंतें निकालते हुए देखा। मकान मालिक को देखते ही विमला ने छत से छलांग लगा दी। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई।

तीन चाकुओं से शरीर पर किए वार
जांच में सामने आया है कि राजेश के शरीर को काटने के लिए तीन चाकुओं का इस्तेमाल किया गया। उसके पेट पर करीब 37 सेंटीमीटर लंबा और साढ़े तीन सेंटीमीटर चौड़ा गहरा चीरा था। प्राइवेट पार्ट की तरफ भी कट के दो निशान मिले थे, जिससे तीर जैसा पैटर्न बना हुआ था।

अस्पताल में भी आक्रामक थी महिला
LNJP अस्पताल में विमला का इलाज करने वाले डॉक्टर गुंजन उपाध्याय ने बताया था कि अस्पताल लाए जाने के समय उसकी हालत काफी खराब थी। वह आक्रामक व्यवहार कर रही थी और खाना-पीना भी नहीं ले रही थी। भाषा समझने में भी परेशानी आ रही थी।

पुलिस ने अंग जांच के लिए भेजे
केयूके थाना प्रभारी सुरेंद्र सिद्धू ने बताया कि आरोपी महिला ने प्लास्टिक की बोरी में आंतों के साथ शरीर के अन्य अंग भी रखे थे। बरामद अंगों को जांच के लिए लैब भेजा गया है। रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है। रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या से जुड़े कई सवालों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!