Edited By Gourav Chouhan, Updated: 11 Feb, 2023 05:42 PM

आगामी 6 अप्रैल को भाजपा के स्थापना दिवस पर भाजपा कार्यकर्ताओं के घरों पर एक दिन और एक ही समय पांच लाख पार्टी ध्वज फहराए जाएंगे।
भिवानी(अशोक) : हरियाणा भाजपा की राज्य कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक में 2024 के चुनाव को लेकर भाजपा की रणनीति साफ झलकती नजर आई। भाजपा की दूसरे दिन की बैठक के बाद भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि उनकी पार्टी ने 2024 के चुनाव को लेकर इस राज्य कार्यकारिणी की बैठक में विशेष रणनीति बनाई है। इसके तहत आगामी 6 अप्रैल को भाजपा के स्थापना दिवस पर भाजपा कार्यकर्ताओं के घरों पर एक दिन और एक ही समय पांच लाख पार्टी ध्वज फहराए जाएंगे। इस कार्य को प्रदेश के चार लाख पन्ना प्रमुख तथा एक लाख कार्यकर्ता अंजाम देंगे।
15 से 22 मार्च तक नए वोटरों से संपर्क साधेंगे पार्टी कार्यकर्ता
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में मंथन करने के बाद मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि 2024 के चुनाव को देखते हुए 15 मार्च से 22 मार्च तक पार्टी कार्यकर्ता नए मतदाताओं से सीधा संपर्क साधेंगे तथा 23 मार्च को शहीद भगत सिंह बलिदान दिवस पर भाजपा का युवा मोर्चा प्रदेश के नव मतदाताओं का अभिनंदन कार्यक्रम प्रदेश भर में आयोजित करेगा। इसके जरिए प्रदेश के नए मतदाताओं को पार्टी से जोड़ा जा सकें। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी का फरवरी माह में नया मेंबरशिप अभियान शुरू किया जाएगा तथा अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ा जाएगा।

प्रदेश व केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से बात करेंगे मंडल पालक
धनखड़ ने बताया कि बैठक में इस बात को लेकर भी सहमति बनी है कि केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने वाले लाभार्थियों से भाजपा कार्यकर्ता संपर्क करेंगे। इस दौरान कल्याणकारी योजनाओं की सफलता व योजनाओं के क्रियान्वयन के दौरान आने वाली समस्याओं की जानकारी ली जाएगी। यह कार्य भाजपा के मंडल पालकों को दिया गया है। भाजपा के मंडल पालक हर माह प्रदेश के दो लाख लाभार्थियों से संपर्क कर उन से सरकार की योजनाओं की जानकारी लेकर उनका आंकड़ा एकत्रित करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि एक फॉर्म के माध्यम से प्रतिदिन 10 लोगों की फीडबैक मंडल पालकों को लेनी होगी।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)