Road Accident: घने कोहरे के कारण दिल्ली-जयपुर हाईवे पर भीषण हादसा, कैंटर चालक की मौत

Edited By Manisha rana, Updated: 03 Feb, 2026 12:05 PM

fog causes accident on delhi jaipur highway canter driver dies

दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे पर देर रात घने कोहरे के चलते गांव आसलवास के पास भीषण सड़क हादसा हो गया।

रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे पर देर रात घने कोहरे के चलते गांव आसलवास के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। शून्य विजिबिलिटी के कारण एक कैंटर और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें कैंटर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की ईआरवी टीम मौके पर पहुंची। 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसा अत्यधिक कोहरे और कम दृश्यता के कारण हुआ। अचानक सामने आए वाहन को न देख पाने के चलते ट्रक और टैंकर (कैंटर) की आपस में भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कैंटर चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं हादसे में घायल हुए दो लोगों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की ईआरवी टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिसकर्मी सड़क पर यातायात सुचारू करने और घायलों की मदद में जुटे हुए थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक इनोवा कार ने खड़ी पुलिस ईआरवी वाहन को टक्कर मार दी। गनीमत रही कि टक्कर के समय कोई भी पुलिसकर्मी वाहन के अंदर मौजूद नहीं था। सभी पुलिसकर्मी बाहर खड़े होकर कार्रवाई में लगे हुए थे, जिससे एक और बड़ा हादसा होने से बच गया।

वहीं मौके पर पहुंची कासोला थाना पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जांच अधिकारी एएसआई प्रीतम ने बताया कि फिलहाल किसी के बयान दर्ज नहीं किए गए हैं और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि कोहरे के मौसम में विशेष सावधानी बरतें, धीमी गति से वाहन चलाएं और सुरक्षित दूरी बनाए रखें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)

 


 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!