हरियाणा के पुरुषों पर कोरोना वायरस ने किए ज्यादा वार, 63 प्रतिशत पुरुष हुए संक्रमित

Edited By Isha, Updated: 13 Feb, 2021 10:23 AM

corona virus inflicted more on men in haryana

कोरोना वायरस ने हरियाणा के पुरुषों पर ज्यादा वार किया। हरियाणा के स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों की मानें तो राज्य में कोरोना की चपेट में आने वालों में 63 प्रतिशत आबादी पुरुषों की थी, जबकि वायरस की गिरफ्त में सिर्फ 37 प्रतिशत महिलाएं ही आई।

चंडीगढ़(अर्चना सेठी): कोरोना वायरस ने हरियाणा के पुरुषों पर ज्यादा वार किया। हरियाणा के स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों की मानें तो राज्य में कोरोना की चपेट में आने वालों में 63 प्रतिशत आबादी पुरुषों की थी, जबकि वायरस की गिरफ्त में सिर्फ 37 प्रतिशत महिलाएं ही आई। हरियाणा के 1,70,143 पुरुष जबकि 98,273 महिलाएं कोरोना वायरस का ग्रास बनी। वायरस ने मौत की नींद भी पुरुषों को ज्यादा सुलाया। कोरोना ने 68 प्रतिशत पुरुषों जबकि 32 प्रतिशत महिलाओं की सांसें छीन ली।  हरियाणा में अब तक 3029 के करीब लोगों की कोरोना वायरस की वजह से मौत हो चुकी है, जिनमें 2048 पुरुष और 980 महिलाएं थी।

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि कोरोना से मरने वालों में 60 से 70 फीसदी लोग किसी न किसी किस्म की बीमारी की चपेट में थे। वायरस ने शुगर और ब्लड प्रैशर के पेशैंट्स को सबसे ज्यादा शिकार बनाया। उसके बाद किडनी, हृदय, लीवर, श्वास, कैंसर, न्यूरोलॉजी, खून की कमी वाले पेशैंट्स भी वायरस की गिरफ्त में आए। शुगर के 373, ब्लड प्रैशर के 193, श्वास रोग के 119, हृदय रोग से ग्रस्त 102, किडनी रोग से ग्रस्त 70, कैंसर के 54, लीवर के 45, न्यूरोलॉजी के 16, अन्य बीमारियों से 95, बहुत सी बीमारियों से ग्रस्त 1444 पेशैंट्स वायरस से संक्रमित होकर मौत के  आगोश में गए। आंकड़े यह भी कहते हैं कि कोरोना से मरने वालों में से 510 ऐसे लोग भी थे जो किसी भी बीमारी से ग्रस्त नहीं थे।

‘65 से 74 आयु वर्ग के लोगों की ज्यादा हुई मौतें’
हरियाणा के स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि विभिन्न बीमारियों से ग्रस्त लोगों के अलावा 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों को भी कोरोना ने मौत के घाट उतार दिया। 65 से लेकर 74 वर्ष आयु वर्ग के लोगों की कोरोना से सर्वाधिक मौत हुई। आंकड़े कहते हैं कि इस वर्ग के 859 लोगों की कोरोना से मौत हुई। उसके बाद 55 से लेकर 64 वर्ष आयु वर्ग के 761 लोगों की जान गई। 75 से लेकर 84 वर्ष आयु वर्ग के 510 लोगों की मृत्यु हुई। 45 वर्ष से लेकर 54 वर्ष आयु वर्ग के 406 लोगों को कोरोना ने मारा। 35 वर्ष से लेकर 44 वर्ष आयु वर्ग के 201 लोग, 85 से लेकर 94 वर्ष आयु वर्ग के 138 लोग, 25 वर्ष आयु वर्ग से लेकर 34 वर्ष आयु वर्ग के 100 लोग, पांच साल से कम उम्र के 12 बच्चे, 95 साल से अधिक के 09 बुजुर्ग और 05 साल से लेकर 14 साल के 06 किशोरों की कोरोना ने जीवन लीला समाप्त की।   

‘गुरुग्राम में कोरोना के सर्वाधिक मामले’
हरियाणा स्वास्थ्य विभाग की साप्ताहिक रिपोर्ट का कहना है कि राज्य में अब तक 2,68,431 से अधिक लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। जिनमें अम्बाला से 11874, भिवानी से 6325, चरखी दादरी से 1517, फरीदाबाद से 46329, फतेहाबाद से 4722, गुरुग्राम से 58361, हिसार से 17098, झज्जर से 5887, जींद से 4899, कैथल से 3888, करनाल से 11181, कुरुक्षेत्र से 8880, महेंद्रगढ़ से 6614, नूंह से 1705, पलवल से 4425, पंचकूला से 10604, पानीपत से 10761, रेवाड़ी से 11376, रोहतक से 12288, सिरसा से 8068, सोनीपत से 14797, यमुनानगर से 6832 लोग कोरोनाग्रस्त हुए।   

‘कोरोना से मरने वाले थे कई बीमारियों की चपेट में’

बीमारी- - - -- - संख्या- - -- - -कॉमोरबिडिटी(प्रतिशत)
1. अनीमिया- - - - --06- - - - -- - -0 
2. लीवर रोग- - - - - 45- - - - - - --02
3. न्यूरोलॉजी रोग- - --16- - - - - - --01
4. कैंसर- - - - - - -54- - - - - - --02
5. किडनी रोग- - - - -70- - - - - -- --02
6. ब्लड प्रैशर- - - - -193- - - - - -- - 06
7. हृदय रोग - - - - -102- - - - -- - --03
8. श्वास रोग- - - -- 119- - - - - - --04
9. शुगर रोग- - - - --373- - - - - ---12
10. अन्य रोग- - -- - 95- -- - - - - --03
11. कई मर्ज- - - --1444- - - - -- - -48
12. मर्ज रहित- - - - 510- - - - - - --17


‘कोरोना की चपेट में आने वाले विभिन्न आयु वर्ग के लोगों का रिकॉर्ड’
    उम्र(वर्ष)- - - - - - कोरोना ग्रस्त- - -- - - -मौत
1. 0-5- - - - -- - - --3,044- - - -- - - -- 12
2. 5-14- - - - - -- - - 12,131-- - -- - - - -06
3.15-24- - - - - - - - -36,886 - -- - - - - -27
4. 25-34- - - - -- - - -68,004 -- - - - -- - 100
5. 35-44- - - - - -- - -53,326 - - -- - - - -201 
6. 45-54- - - - - - - - -40,158 - - - - - - - 406
7. 55-64- - - - - - - - -30,881 - - - - - - --761
8. 65-74 - - - -- - - - -17,178 - - - - - - - 859 
9. 75-84- ---- - - - - --5592 - - - - - - - -510
10. 85-94- - - - - - - - -1166 - - - - - - - -138
11. 95 से अधिक- - -- - - -65 - - -- - - - - -- 09

‘कोरोना वायरस से अब भी रहें डर कर’
हरियाणा के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक डा. एस.बी. कंबोज का कहना है कि कोरोना वायरस की वजह से राज्य में हुई मौतों में से 60 से 70 फीसदी मौतें उन लोगों की हुई जो किसी न किसी दूसरी बीमारी की चपेट में थे। शुगर और ब्लड प्रैशर के पेशैंट्स कोरोना की गिरफ्त में भी ज्यादा आए और इन्हीं लोगों की कोरोना संक्रमण की वजह से ज्यादा मौतें हुई। आंकड़े यह भी कहते हैं कि हरियाणा में वायरस ने पुरुषों को ज्यादा निशाना बनाया। कोरोना की गिरफ्त में भी पुरुष ज्यादा आए और महिलाओं की तुलना में पुरुषों की कोरोना से ज्यादा मौत भी हुई। उनके बाद 50 वर्ष आयु वर्ग से अधिक उम्र के लोगों के लिए भी कोरोना ज्यादा घातक हुआ। डा. कंबोज का कहना है कि बेशक वैक्सीन आ चुकी है परंतु कोरोना से आज भी डरने की जरूरत है। लोग मास्क, सैनीटाइजर और सोशल डिस्टैंसिंग का पालन करते रहे।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)   

Related Story

Trending Topics

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!