सीएम मनोहर लाल ने 90 विधानसभाओं में चुनाव कार्यालय का किया उद्घाटन, सभी 10 लोकसभा सीटों पर जीत का किया दावा

Edited By Manisha rana, Updated: 02 Mar, 2024 07:58 PM

cm manohar lal inaugurates election offices in 90 assemblies

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शनिवार को गुरुग्राम से प्रदेश की सभी 90 विधानसभाओं में लोकसभा चुनाव कार्यालयों का वर्चुअली उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने दावा किया कि भाजपा इस बार भी हरियाणा में 10 की 10 लोकसभा सीटें जीतकर इतिहास रचेगी।

गुरुग्राम: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शनिवार को गुरुग्राम से प्रदेश की सभी 90 विधानसभाओं में लोकसभा चुनाव कार्यालयों का वर्चुअली उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने दावा किया कि भाजपा इस बार भी हरियाणा में 10 की 10 लोकसभा सीटें जीतकर इतिहास रचेगी। मुख्यमंत्री ने यहां यह भी जानकारी कार्यकर्ताओं के सामने रखी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र  मोदी 11 मार्च को गुरुग्राम में आकर द्वारका एक्सप्रेस वे का उद्घाटन करेंगे! प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी पुंडरी विधानसभा से इस कार्यक्रम में वर्चुअली जुड़े और मुख्यमंत्री मनोहर लाल से पहले अपना संबोधन रखा तथा डबल इंजन सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जमकर प्रशंसा की। मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के संबोधन को प्रदेश भर के सभी विधानसभा कार्यालयों पर आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में मौजूद लाखों लोगों ने सुना।

गुरुग्राम के गुरुकमल कार्यालय में आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में बोलते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बड़े और ऐतिहासिक काम किए हैं जिनकी चर्चा पूरे विश्व में होती है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संभवत 11 मार्च को द्वारका एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करने गुरुग्राम आ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने संभावना जताई कि लोकसभा चुनाव की घोषणा भी 12 मार्च के आस पास हो जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले चार-पांच दिनों में प्रत्याशियों की चयन प्रक्रिया भी संभवत पूरी हो जाएगी।

PunjabKesari

मनोहर लाल ने चुनावों के बारे में बोलते हुए कहा कि चुनाव लोकतंत्र का उत्सव होता है और देश का यह सबसे बड़ा उत्सव है। उन्होंने कहा कि इस उत्सव में सभी राजनीतिक दल भाग लेते हैं, लेकिन चुनाव की दृष्टि से भाजपा की तैयारी सबसे आगे है। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि पांच साल में आने वाले इस पर्व की तैयारियों में जुट जाएं और सभी जीत में अपनी भूमिका तय करें।
मनोहर लाल ने कहा कि प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया को जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्याशियों की घोषणा भी जल्द ही हो जाएगी।  मुख्यमंत्री कहा कि जहां भाजपा के कार्यकर्ताओं में चुनाव को लेकर उत्सव का माहौल है, वहीं दूसरे खेमों में ऊहापोह की स्थिति बनी हुई है। विपक्षी पार्टियों में भगदड़ मची हुई है। उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ने से विपक्ष के नेता बचते नजर आ रहे हैं।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि देश में तीसरी बार मोदी सरकार बनाने का वातावरण बन चुका है। अबकी बार 400 पार का नारा जनता लगा रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव कार्यालय का उद्घाटन होने के साथ ही चुनाव की पद्धति के हिसाब से काम शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपने-अपने बूथों को और मजबूत करने के काम में भी जुट जाएं। उन्होंने कहा कि पन्ना प्रमुखों की हमारे पास 3 लाख कार्यकर्ताओं की मजबूती टीम है। लोकसभा चुनाव में पन्ना प्रमखों की भूमिका अहम रहने वाली है। सीएम ने कहा कि अब पन्ना प्रमुखों की टोली मोदी सरकार की उपलब्धियों को घर-घर जाकर बताएं।  मतदाताओं के मन को पढ़ें उन्हें भाजपा की नीतियों से अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि जब मन ठीक हो जाएगा तो मत भी पार्टी के हित में आ जाएगा।

PunjabKesari

मनोहर लाल ने कहा कि मोदी सरकार ने धारा-370 को चुटकी में खत्म किया। सर्जिकल स्ट्राइक से आतंकवाद को सपोर्ट करने वाले पाकिस्तान को सबक सिखाया। तीन तलाक जैसी कुप्रथा को समाप्त किया। प्रधानमंत्री मोदी के ही नेतृत्व में अयोध्या में भगवान श्रीराम का मंदिर बना। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का संदेश भी प्रधानमंत्री मोदी ने हरियाणा की पानीपत की धरती से दिया। आज हरियाणा में बेटियों का अनुपात बढ़कर 930 हो गया है।

मुख्यमंत्री ने मोदी और राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनवाते हुए कहा कि गरीब कल्याण की योजनाओं से गरीबों का कल्याण इन 10 सालों में किया गया है। गरीबों को पक्का मकान, उज्जवला योजना के तहत गैस सिलेंडर, हर घर नल से जल पहुंच रहा है। हरियाणा में 24 घंटा बिजली मिल रही है। सरकार ने हर गरीब की चिंता की है।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गुरुग्राम के बारे में बोलते हुए कहा कि इन 10 सालों में गुरुग्राम की पहचान विश्व स्तर पर बढ़ी है। गुरुग्राम अब दुनिया का ऑइकॉन सिटी बना है। विश्व की 500 कंपनियों में से 400 कंपनियों के कार्यालय गुरुग्राम में है। सीएम ने कहा कि दुनिया में भारत का नाम मोदी के नेतृत्व में सम्मान से लिया जाता है। जी-20 की बैठकों के बारे में बोलते हुए मनोहर लाल ने कहा कि जी-20 से भारत की वैश्विक पहचान बनी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और मेहनत से देश में फिर एक बार मोदी सरकार बनाने के लक्ष्य में जुट जाएं।

इससे पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी पुण्डरी से वचुअर्ली जुड़े और अपना संबोधन रखते हुए कि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश की राजनीति के मायनों को बदला है। मोदी सरकार की योजनाओं को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने संकल्प के साथ हरियाणा में धरातल पर उतारा है। नायब सैनी ने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का संदेश प्रधानमंत्री ने पानीपत की भूमि से दिया था। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इस मिशन पर संकल्प के साथ काम किया और इसके सार्थक परिणाम आ रहे हैं। लाखों बेटियों को जीवनदान मिला है। बेटियों को शिक्षित करने के लिए 20 किलोमीटर दूरी पर कालेज खोलने का काम मनोहर सरकार कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को विकसित बनाने के काम में जुटे हुए हैं तो मुख्यमंत्री मनोहर लाल प्रदेश को विकति बनाने में लगे हैं।

PunjabKesari

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 2014 से पहले प्रदेश के युवाओं का सरकारों से विश्वास उठ चुका था। कांग्रेस के समय में पर्ची और खर्ची से युवाओं को नौकरियां मिलती थी, लेकिन 2014 में भाजपा सरकार बनने के बाद मनोहर सरकार ने युवाओं में विश्वास पैदा किया और गुडगवर्नेंस के जरिए सुशासन स्थापित किया। हरियाणा में अब युवाओं को योग्यता के आधार पर नौकरियां मिल रही हैं। नायब सैनी ने कहा कि विपक्षी पार्टियां अपने चुनावी घोषणापत्र में बड़े-बड़े वादे करती थी, 24 घंटे बिजली देने का दावा करती थी, लेकिन चुनाव जीतने के बाद भूल जाती थी। मनोहर सरकार ने जो वादे किए उन्हें पूरा किया और आज 24 घंटे बिजली लोगों को मिल रही है। गरीब लोग आयुष्मान और चिरायु कार्ड के जरिए फ्री में अपना इलाज करा रहे हैं।

नायब सैनी ने कहा कि मोदी और मनोहर सरकार किसान हितैषी सरकार है। इन दस सालों में डबल इंजन की सरकार ने किसानों के हित में अनेकों योजनाएं बनाईं। भावांतर भरपाई योजना के तहत किसानों के नुकसान की भरपाई सरकार ने की। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से किसानों को होने वाले नुकसान से बचाने का काम मोदी और मनोहर सरकार कर रही है। बुजुर्गों को 3 हजार रुपये पेंशन देने का काम भी मनोहर सरकार ने किया है।

आगामी कार्यक्रमों के बारे में बोलते हुए नायब सैनी ने कहा कि 4 मार्च, 5 मार्च और 6 मार्च तक कई बड़े कार्यक्रमों का आयोजन होगा। 4 मार्च को जिला स्तर पर महिलाओं की मैराथन का आयोजन किया जायेगा। 5 मार्च को विधानसभा स्तर पर स्कूटी रैली निकाली जाएगी। उन्होंने बताया 6 मार्च को ही प्रधानमंत्री मोदी अपने पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान देश भर की महिलों को संबोधित करेंगे।  नायब सैनी ने कहा कि लोकसभा चुनाव जीतने के लिए पार्टी का हरेक कार्यकर्ता मजबूती से जुटा हुआ है। युवा मोर्चा नवमतदाता, किसान मोर्चा ग्राम परिक्रमा, एससी मोर्चा दलित बस्तियों में संपर्क अभियान और ओबीसी मोर्चा समरसता सम्मेलनों का आयोजन करेगा। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष जीएल शर्मा, विधायक सुधीर सिंगला, जिला अध्यक्ष कमल यादव, पूर्व मंत्री राव नरबीर सिंह, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी, जिला महामंत्री रामबीर भाटी, बोधराज सीकरी, मुकेश शर्मा, नवीन गोयल, पूर्व विधायक तेजपाल तंवर, निवर्तमान मेयर मधु आजाद सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Story

Trending Topics

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!