पिछड़ा वर्ग सम्मान सम्मेलन के लिए भाजपा की हाईलेवल मीटिंग, महेंद्रगढ़ की भूमि पर शाह के स्वागत की तैयारी में जुटी बीजेपी

Edited By Nitish Jamwal, Updated: 13 Jul, 2024 08:14 PM

bjp s high level meeting for backward class honor conference

भारतीय जनता पार्टी 16 जुलाई को महेंद्रगढ़ के पाली में ओबीसी मोर्चा द्वारा रखे गए पिछड़ा वर्ग सम्मान सम्मेलन में पहुंच रहे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के भव्य स्वागत की तैयारी में जुट गई है। पार्टी के आला नेताओं की शनिवार को पाली की सेंट्रल युनीवर्सिटी...

चंडीगढ़: भारतीय जनता पार्टी 16 जुलाई को महेंद्रगढ़ के पाली में ओबीसी मोर्चा द्वारा रखे गए पिछड़ा वर्ग सम्मान सम्मेलन में पहुंच रहे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के भव्य स्वागत की तैयारी में जुट गई है। पार्टी के आला नेताओं की शनिवार को पाली की सेंट्रल युनीवर्सिटी के सभागार में पिछड़ा वर्ग सम्मान सम्मेलन को लेकर एक बड़ी बैठक हुई। खुद मुख्यमंत्री नायब सैनी और प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली भी इस बैठक में मौजूद रहे और अब तक हुई तैयारियों का जायजा लिया तथा इस सम्मेलन की सफलता की रूपरेखा तैयार की।  आज की बैठक में सभी सांसद, विधायक, प्रत्याशी, प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी और ओबीसी मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी तथा जिला अध्यक्ष, महामंत्री आदि शामिल रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछड़ा वर्ग सम्मान सम्मेलन भव्य होगा और महेंद्रगढ़ की धरती पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का भव्य स्वागत किया जाएगा। 

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री मंत्री अमित शाह 16 जुलाई को सुबह 11 बजे महेंद्रगढ़ के पाली स्थित सेंट्रल यूनीवर्सिटी में पिछड़ा वर्ग सम्मान सम्मेलन’’ को संबोधित करेंगे।  सीएम ने कहा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही केंद्र सरकार में सरदार पटेल के बाद ऐसा गृहमंत्री मिला है जिसने आजादी के समय देश की एकता में जो कमी रह गई थी उसे पूरा करने का कार्य किया है। ऐसे विराट व्यक्तित्व के धनी गृहमंत्री का हरियाणा की धरती पर जोरदार स्वागत और अभिनंदन किया जाएगा। बैठक में कांग्रेस को घेरते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस किसी की सगी नहीं रही। कांग्रेस ने कभी भी ओबीसी समाज का सम्मान नहीं किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही ऐसा व्यक्तित्व है जिन्होंने देश के ओबीसी समाज को सम्मान देने का काम किया है। 

PunjabKesari

मुख्यमंत्री ने पदाधिकारियों से कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद अब विधानसभा चुनाव है। समय बहुत कम है और कार्यक्रम अधिक हैं। केंद्रीय मंत्रियों, प्रभारियों और स्थानीय मंत्रियों के भी प्रदेश में अनेक आगामी कार्यक्रम होने हैं। उन्होंनें कहा कि चुनाव की तैयारी और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने में कोई कसर ना छोड़ें। श्री सैनी ने कहा कि भाजपा सत्ता के माध्यम से सेवा करने वाली पार्टी है। लोगों को बताएं कि कांग्रेस सिर्फ सत्ता को भोगने के लिए प्रपंच कर रही है, छल-कपट का सहारा ले रही है, इसलिए जनता को कांग्रेस की भ्रमित करने वाली बातों से बचना चाहिए। 

नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस सदा अमर्यादित भाषा का प्रयोग करती रही है। अमर्यादित आचरण के कारण 2014, 2019 और अब 2024 के चुनाव में भी कांग्रेस तीन डिजिट तक नहीं पहुंच पाई और अभी भी दो डिजिट में फंसी है। तीन-तीन बार करारी हार का मुंह देखने के बाद अब कांग्रेस बहुत ज्यादा बौखलाई हुई है। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और नए-नए झूठ का सहारा लेगी। श्री सैनी ने कहा कि कांग्रेस की झूठ की काट हमारे कार्यकर्ताओं की ताकत और मर्यादित भाषा है। श्री सैनी ने कहा कि भाजपा सरकार ने देश और प्रदेश को विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ाया है। हमारा लक्ष्य सभी वर्गों को साथ लेकर चलना है।

PunjabKesari

कांग्रेस को घेरते हुए सीएम सैनी ने कहा कि कांग्रेसी बोलते थे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सात पीढ़ी भी जम्मू कश्मीर से धारा-370 को समाप्त नहीं कर सकती, लेकिन 370 हटाने का यह करिश्मा प्रधानमंत्री मोदी ने करके दिखाया जो आज देश के सामने है। श्री सैनी ने कहा विरोध करते-करते कांग्रेस के नेता अपना आपा खो देते हैं। राहुल गांधी द्वारा संसद में हिंदुओं के विरोध में बोलने पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस द्वारा देश के एक बड़े समुदाय को टारगेट करना दुर्भाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि हम भी विपक्ष में रहे हैं और विपक्ष की भूमिका मर्यादित होनी चाहिए, लेकिन कांग्रेस और उसके साथी दलों ने मर्यादा को ही तार-तार किया है। 

सैनी ने कहा कि विधानसभा चुनाव के निमित श्री शाह का हरियाणा दौरा काफी महत्वपूर्ण है। सांसद, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, ओबीसी मोर्चा प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चा के जिला अध्यक्ष एवं महामंत्रियों की इस बैठक में सीएम सैनी ने सम्मेलन को सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में कोई कमी ना रहे इसके लिए पूरी ताकत से जुट जाएं। 

PunjabKesari

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि श्री शाह के दौरे से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा। कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से उन्होंने कहा कि सम्मेलन की सफलता के लिए पूरी ताकत के साथ जुट जाएं। कार्यकर्ता ही पार्टी की ताकत है और कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही हरियाणा में तीसरी बार भाजपा सरकार बनेगी। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह विधानसभा चुनाव न सिर्फ हरियाणा बल्कि पूरे देश के कार्यकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण है। हरियाणा में तीसरी बार चुनाव जीतने का संदेश देश के सभी कार्यकर्ताओं को उत्साहित करेगा। प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी पदाधिकारियों को बैठक की व्यवस्थाओं को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की बदौलत बीजेपी लगातार तीसरी बार हरियाणा में सरकार बनाकर हैट्रिक लगाएगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से आग्रह करते हुए कहा कि पिछड़ा वर्ग सम्मान सम्मेलन की तैयारियों में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। 

राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि भाजपा ने देश में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। जवाहर लाल नेहरू के बाद नरेंद्र मोदी दूसरे ऐसे नेता हैं जो तीसरी बार प्रधानमंत्री बनें हैं यह हमारे लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि हमने देश में तीसरी बार एतिहासिक जीत दर्ज की है, लेकिन विडंबना है कि कांग्रेस और राहुल गांधी इसे अपनी जीत बताकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। कांग्रेस के इन झूठे दावों की पोल विधानसभा चुनाव में खुल जाएगी। उन्होंने कहा कि महेंद्रगढ़ वीरों की धरती है और इस धरती पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व कर तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने का संदेश देंगे। 
बैठक को संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा व पूर्व अध्यक्ष रामबिलास शर्मा ने भी संबोधित किया। संगठन मंत्री ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री का कार्यक्रम प्रेरणादायी रहेगा। तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को पूरी मेहनत करनी है। उन्होंने यह भी कहा कि 15 अगस्त तक एक पेड़ मां के नाम जरूरी लगाएं और अन्य लोगों को भी प्रेरित करें। 

PunjabKesari

रामबिलास शर्मा ने सीएम सैनी की प्रशंसा करते हुए कहा कि पार्टी ने निष्ठावान कार्यकर्ता को मुख्यमंत्री बनाया है। सीएम सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में अच्छे काम हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पाली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी दो बार आ चुके हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का 16 जुलाई का कार्यक्रम जबरदस्त होगा। उन्होंने दावा किया कि तीसरी बार नायब सैनी हरियाणा के मुख्यमंत्री बनेंगे।
ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कर्णदेव काम्बोज ने बैठक में बताया कि सम्मान सम्मेलन के लिए मोर्चें की लगातार प्रदेश भर में बठकें हुई हैं और मोर्चें से जुड़े कार्यकर्ताओं तथा पिछड़ा वर्ग के लोगों में इस सम्मेलन के प्रति काफी उत्साह है। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन प्रदेश के पिछड़ा वर्ग के लिए प्रेरणादायी साबित होगा और उत्साह भरने का काम करेगा। उन्होंने बताया कि सम्मेलन की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई है।

इस मौके पर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली, हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष ज्ञान चंद्र गुप्ता, डिप्टी स्पीकर रणवीर सिंह गंगवा, वित्त मंत्री जेपी दलाल, पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कर्ण देव कंबोज, बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सुभाष बराला, रामचंद्र जांगड़ा, कृष्ण लाल पंवार, सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह, मंत्री अभय सिंह यादव, परिवहन मंत्री असीम गोयल, संगठनमंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, महामंत्री सुरेन्द्र पुनिया, डॉ अर्चना गुप्ता, बीजेपी जिला अध्यक्ष दयाराम यादव सहित प्रदेश के मंत्री, सांसद, विधायक, प्रत्याशी, प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष एवं प्रभारी ओबीसी मोर्चा प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश मोर्चा अध्यक्ष एवं महामंत्री मौजूद रहे।

Trending Topics

Afghanistan

134/10

20.0

India

181/8

20.0

India win by 47 runs

RR 6.70
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!