Edited By Harman, Updated: 29 Aug, 2026 08:24 AM

हरियाणवी गायक और यूट्यूबर अंकित बालियान की पत्नी ने शुक्रवार को धमकी दी कि अगर पुलिस ने उनके पति के हत्यारों को चार दिन के भीतर गिरफ्तार नहीं किया तो वह आत्मदाह कर लेंगी।
हरियाणा डेस्क : हरियाणवी गायक और यूट्यूबर अंकित बालियान की पत्नी ने शुक्रवार को धमकी दी कि अगर पुलिस ने उनके पति के हत्यारों को चार दिन के भीतर गिरफ्तार नहीं किया तो वह आत्मदाह कर लेंगी। दिल्ली में शिक्षिका के रूप में कार्यरत सीमा ने कहा कि वह शामली के उपजिलाधिकारी कार्यालय या उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवास के बाहर यह कदम उठाएंगी। उत्तर प्रदेश के शामली जिले के बंटी खेड़ा गांव में संवाददाताओं से बातचीत में बालियान की पत्नी ने कहा कि वह पुलिस की जांच से संतुष्ट नहीं हैं और अगर आरोपियों को चार दिन के भीतर गिरफ्तार नहीं किया गया तो उन्हें आत्मदाह करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। उनके बयान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। सीमा ने यह भी आरोप लगाया कि उनके पति ने पुलिस सुरक्षा मांगी थी, लेकिन उन्हें सुरक्षा नहीं दी गई।
अंकित बालियान बुधवार शाम शामली के कोतवाली क्षेत्र में एक जिम से बाहर निकल रहे थे, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं। बालियान को पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हमले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें बालियान जिम से निकलकर अपनी कार की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार हमलावर वहां पहुंचते हैं और उन पर अंधाधुंध गोलियां चलाकर फरार हो जाते हैं।
पुलिस ने हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए कई टीम गठित की हैं, लेकिन हत्या के तीसरे दिन शुक्रवार तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी। जांच के तहत शामली, मुजफ्फरनगर और बागपत जिलों की पुलिस टीमों के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) की टीमें हरियाणा गई हैं। सूत्रों ने बताया कि शामली, गाजियाबाद के लोनी, दिल्ली और सोनीपत में कई स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों में गोलीबारी के बाद दो मोटरसाइकिलों पर चार लोगों के कथित तौर पर फरार होने की तस्वीरें सामने आई हैं। हालांकि, पुलिस ने इन विवरणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
शामली के बंटी खेड़ा निवासी बालियान ने राज्य स्तर के कबड्डी खिलाड़ी के रूप में अपना करियर चोट के कारण खत्म होने के बाद हरियाणवी संगीत जगत में पहचान बनाई थी। उन्होंने गायक, गीतकार और संगीतकार के रूप में 50 से अधिक गीतों पर काम किया था। उनकी हत्या के बाद शामली में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं और उनका परिवार हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहा है। बालियान की हत्या को लेकर राजनीतिक विवाद भी खड़ा हो गया है। सपा और कांग्रेस कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भाजपा नीत राज्य सरकार को निशाना बना रहे हैं। सपा नेताओं ने जांचकर्ताओं से राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता की संभावना की भी जांच करने की मांग की है।