Edited By Mohammad Kumail, Updated: 23 Jun, 2023 04:34 PM

भाजपा के खिलाफ पटना में विपक्षी पार्टियों की महागठबंधन को लेकर चल रही बैठक पर प्रतिक्रिया देते हुए इनेलो विधायक और प्रधान महासचिव अभय चौटाला ने कहा कि महागठबंधन को लेकर इनेलो सबसे पहले ही पक्षधर रही है...
सिरसा (सतनाम सिंह) : भाजपा के खिलाफ पटना में विपक्षी पार्टियों की महागठबंधन को लेकर चल रही बैठक पर प्रतिक्रिया देते हुए इनेलो विधायक और प्रधान महासचिव अभय चौटाला ने कहा कि महागठबंधन को लेकर इनेलो सबसे पहले ही पक्षधर रही है। अभय चौटाला ने कहा कि सबसे पहले इनेलो ने ही महागठबंधन की वकालत करते हुए इसकी शुरुआत की थी। देश में महागठबंधन होना चाहिए और हर हाल में महागठबंधन होगा। इसके साथ ही अभय चौटाला ने सभी विपक्षी पार्टियों के नेताओं को सचेत करते हुए कहा कि अगर महागठबंधन नहीं हुआ तो 2024 के चुनाव के बाद भाजपा सभी विपक्षी पार्टियों के नेताओं को ईडी के जरिए जेल में डालेगी। उन्होंने कहा कि जो भी नेता भाजपा सरकार के खिलाफ आवाज उठाता है उसके खिलाफ भाजपा सरकार ईडी के जरिए कार्रवाई करती है। अभय चौटाला आज सिरसा जिला के गांव सुचान में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। अभय चौटाला ने दावा किया है कि उनकी परिवर्तन यात्रा का हरियाणा भर में प्रभाव दिखाई दे रहा है जिसकी बदौलत इनैलो 2024 के विधानसभा चुनाव में सत्ता में लौटेगी।
मीडिया से बातचीत करते हुए इनेलो विधायक अभय चौटाला ने कहा कि सिरसा में पिछले दिनों केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का दौरा था। दावा किया गया था कि भाजपा सरकार में 1500 करोड़ के विकास कार्य करवाए गए हैं जो सरासर झूठ है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और सीएम मनोहर लाल झूठे आंकड़े पेश कर रहे हैं। उन्होंने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा नेताओं को ट्रेनिंग के दौरान ही झूठ बोलने का पाठ पढ़ाया जाता है। अभय चौटाला ने भाजपा को झूठ और लूट की पार्टी बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस सरकार ने पिछले 18 सालों से सिरसा जिला के साथ भेदभाव किया है जिसके चलते सिरसा जिला में कही पर भी विकास कार्य नहीं हुए है। उन्होंने कहा कि सिरसा जिला के लोग भाजपा और कांग्रेस से परेशान है इसलिए सिरसा लोकसभा सीट पर इनेलो को वोट देगी। इसके साथ ही सिरसा जिला की पांचों विधानसभा सीटों पर इनेलो की जीत होगी।
अभय चौटाला ने दावा किया है कि ताऊ देवीलाल ने भी 1987 में यात्रा की थी उस समय भी अनेक राजनीतिक पार्टियों ने यात्रा के अस्तित्व पर सवाल उठाए थे लेकिन 1987 में देवीलाल 90 सीटों में से 85 सीटों पर जीतकर सीएम बने थे उसी तरह 2024 में भी इनैलो उसी इतिहास को दोहराएगी और सत्ता में लौटेगी। उन्होंने कहा कि अब तक वे 13 जिलों का सफर तय कर चुके हैं, 53 विधानसभाओं में जा चुके हैं और हरियाणा में हर तरफ इनेलो के पक्ष में माहौल दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान प्रदेश की जनता अपनी समस्याएं उनके सामने रख रहे हैं जिन्हें इनेलो की सरकार बनने के बाद ही तुरंत हल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 2024 के चुनाव को लेकर जनता से घोषणा पत्र जारी किया जाएगा जिसमें ज्यादा से ज्यादा प्रदेश की जनता के हितों को ध्यान में रखा जाएगा।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)