Edited By Gourav Chouhan, Updated: 05 Sep, 2022 10:20 PM

गुप्ता ने कहा कि इस अभियान में प्रदेश के कोने-कोने से युवा पहुंचेंगे। उनके साथ संवाद किया जाएगा। इसके बाद पूरे देश में मेक इंडिया नंबर वन को लेकर मुहिम चलेगी और पहुंचेगी।
चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी एवं राज्य सभा सांसद सुशील गुप्ता ने कहा है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान 7 सितंबर को हिसार से मेक इंडिया नंबर वन की शुरुआत कर रहे हैं। इसके तहत तिरंगे के नीचे देश और प्रदेश को नंबर वन बनाने के लिए एक अभियान की शुरुआत की जाएगी।
हरियाणा में स्वास्थ्य और शिक्षा को लेकर बेहतरीन काम करेगी आप
सुशील गुप्ता ने सोमवार को चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत में बताया कि इस अभियान में प्रदेश के कोने-कोने से युवा पहुंचेंगे। उनके साथ संवाद किया जाएगा। इसके बाद पूरे देश में मेक इंडिया नंबर वन को लेकर मुहिम चलेगी और पहुंचेगी। गुप्ता ने कहा कि एक तरफ दिल्ली मॉडल है जहां स्कूल अच्छे हैं, अस्पताल अच्छे है, महिलाओं को सम्मान है। युवाओं को रोजगार है। वहीं दूसरी तरफ आज हरियाणा भ्रष्टाचार में नंबर वन है। आज हरियाणा बेरोजगारी व अपराध में नंबर वन है। इन सब समस्याओं को खत्म करने के लिए हरियाणा को नंबर वन बनाने के लिए दिल्ली के लोकप्रिय मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल मेक इंडिया नंबर वन की शुरुआत करेंगे।
तिरंगे के नीचे राष्ट्रवाद की आवाज बुलंद करेगी आप
उन्होंने कहा कि पहले हरियाणा में परिवारवाद था, अब मित्रवाद है। पहले एक ही परिवार को आगे बढ़ाने की बात की जाती थी। एक ही परिवार का घर भरने की बात होती थी। अब अपने मित्रों को आगे बढ़ाने की बात की जा रही है। उन्होंने कहा कि आदमपुर से आठ सितंबर को परिवारवाद और मित्रवाद को खत्म करने की शुरुआत आम आदमी पार्टी करेगी। तिरंगे के नीचे पूरे प्रदेश से आई जनता राष्ट्रवाद की आवाज को बुलंद करने का काम करेगी। उन्होंने कहा आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल देश को नंबर वन बनाने का प्रण लिया है।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)