Edited By Gaurav Tiwari, Updated: 13 Jun, 2025 08:15 PM

मानेसर नगर निगम क्षेत्र में इस मानसून जलभराव नहीं होगा। आयुक्त आयुष सिन्हा ने निगम क्षेत्र में जलभराव की दृष्टि से 10 जगहों का दौरा कर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। गांवों में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
गुड़गांव, (ब्यूरो): मानेसर नगर निगम क्षेत्र में इस मानसून जलभराव नहीं होगा। आयुक्त आयुष सिन्हा ने निगम क्षेत्र में जलभराव की दृष्टि से 10 जगहों का दौरा कर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। गांवों में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। ग्रामीणों से सुझाव लेकर उन्हें अमल में लाने को कहा। निगमायुक्त ने शुक्रवार को निगम क्षेत्र में 10 ऐसी जगहों का दौरा किया, जहां पूर्व में मानसून के दौरान जलभराव की स्थिति बनी थी। गांव रामपुरा चौक पर इस बार जलभराव न हो इसके लिए संबंधित अधिकारियों से उनकी तैयारियों के बारे में पूछा।
एसडीओ, जेई ने आयुक्त को अवगत करवाते हुए कहा कि यहां पर नाले की सफाई करवा दी जाएगी। चौक से पानी के निकासी के लिए सक्शन मशीन हायर कर ली गई है। तय समय में चौक से पानी की निकासी हो जाएगी। इसके अलावा गांव सिकंदरपुर, बढ़ा, मेवका, हरसरू, गढ़ी, नवादा, नखडौला, कासन, मानेसर में भीष्म मंदिर अंडरपास आदि ऐसी जगहें चिन्हित की गई, जहां पूर्व में पानी भरने की समस्याएं आती रही है। इस पर आयुक्त ने कहा कि इन सभी जगहों पर जलभराव न हो इसके लिए संबंधित अधिकारी अपने स्तर पर रूपरेखा तैयार करें। यहां से पानी की निकासी के लिए पर्याप्त संसाधन आदि की तैयारी पहले ही करके रखें। यदि इन जगहों पर जलभराव हुआ तो अधिकारी स्वयं जिम्मेदार होंगे।
आयुक्त ने कहा कि मानसून से पहले सभी नालों और नालियों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कूड़े का समय पर उठान करवाने के आदेश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। अपने दौरे के दौरान आयुक्त ने ग्रामीणों से जलभराव और सफाई संबंधी कामों के फीडबैक लिए। गांव गढ़ी में फ्लाईओवर के नीचे लगने वाली दुकानों के लिए वैकल्पिक जगह तलाशने के आदेश भी अधिकारियों को दिए। इस दौरान उनके साथ एसडीओ संजोग शर्मा, विकास शर्मा, अमन राठी, जेई कृष्ण कुमार, अमन, रविंद्र, पुनीत कुमार सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।