भाजपा ने विकास के नाम पर कुछ नहीं किया : वर्धन यादव

Edited By Gaurav Tiwari, Updated: 22 Sep, 2024 08:29 PM

bjp did nothing in the name of development vardhan yadav

बादशाहपुर विधानसभा से कांग्रेस के प्रत्याशी वर्धन यादव के चुनाव प्रचार में रविवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद राज बब्बर पहुंचे। उन्होंने बादशाहपुर की जनता से वर्धन यादव को विजयी बनाकर क्षेत्र के विकास के द्वार खोलने की बात कही।

गुड़गांव, (ब्यूरो): बादशाहपुर विधानसभा से कांग्रेस के प्रत्याशी वर्धन यादव के चुनाव प्रचार में रविवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद राज बब्बर पहुंचे। उन्होंने बादशाहपुर की जनता से वर्धन यादव को विजयी बनाकर क्षेत्र के विकास के द्वार खोलने की बात कही। वर्धन यादव ने अपने लिए जनता से आशीर्वाद मांगा। सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा वर्धन यादव के लिए बादशाहपुर की जनता से रूबरू होंगे।

 


कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद राज बब्बर ने कहा कि वर्धन यादव ने कम उम्र में ही कांग्रेस की सीनियर लीडरशिप का दिल जीता है। वे अपने काम के प्रति पूरे लगनशील हैं। इनमें काम करने की क्षमता है। समाज से जुडक़र ये कुछ करना चाहते हैं। पार्टी ने इतनी महत्वपूर्ण सीट से वर्धन को टिकट देकर इनको चुनाव में उतारा है। अब बारी जनता की है कि अपना आशीर्वाद देकर इनको आगे बढ़ाए। राज बब्बर ने कहा कि गुडग़ांव लोकसभा क्षेत्र से उनके चुनाव में भी वर्धन ने मजबूती से काम किया। वर्धन यादव आम कैंडिडेट में से एक है, लेकिन इनकी सोच सबसे अलग है। इनमें काम करने का एक विजन है। वे वर्धन को बहुत नजदीक से जानते हैं। यह सिर्फ चुनाव नहीं आपके दिलों को भी जीतना चाहता है। चुनाव जिताने का काम आप सब करें। लोग बड़े-बड़े प्रलोभन देंगे, लेकिन बादशाहपुर की जनता इस युवा को आगे बढ़ाने का काम करेगी। ऐसा उनका विश्वास है।

 



कांग्रेस प्रत्याशी वर्धन यादव ने कहा कि कायदे से भाजपा के किसी भी नेता को यहां वोट मांगने का हक नहीं है। क्योंकि यहां विकास के नाम पर कुछ नहीं किया गया। बादशाहपुर की सडक़ें, गलियों को किसी ने आकर नहीं देखा। आम जनता की सुविधाओं पर कोई ध्यान नहीं दिया। मूलभूत सुविधाएं देने में सरकार फेल रही है। शासन की प्रशासन पर कोई पकड़ नहीं रही। इसका खामियाजा क्षेत्र की जनता ने भुगता है। यह हकीकत है कि गुडग़ांव से सरकार को मिलने वाला राजस्व पूरे हरियाणा के समान होता है। यहां तीन स्तर पर प्रशासन नगर निगम, जीएमडीए और जिला प्रशासन काम करता है। इसके बाद भी हर तरह की समस्या यहां जनता झेल रही है। भाजपा सरकार ने गुडग़ांव को नरक बनाकर छोड़ दिया है।

 

उन्होंने दावे के साथ कहा कि इस बार जनता भाजपा को सिर्फ हराएगी ही नहीं, बल्कि हराने का रिकॉर्ड भी बनाएगी। भाजपा प्रत्याशी की जमानत जब्त कराएगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता अब भाजपा को हटाकर कांग्रेस की सरकार बनाने जा रही है। पूरे हरियाणा में यह लहर चल रही है। इसका कारण खुद भाजपा है। आज तीसरी बार जनता का समर्थन मांग रही सरकार को यह सोचना चाहिए कि आखिर वह किस मुंह से लोगों से वोटों की मांग रही है। भाजपा के प्रत्याशी खुद मंत्री रहे लेकिन उन्होंने सडक़ों का सुधार नहीं किया। गहरे गड्ढों के बीच आज सडक़ें कहीं नजर नहीं आ रही। इसे विकास नहीं विनाश कहते हैं। हरियाणा की जनता और विनाश नहीं होने देगी।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!