हरियाणा में दर्दनाक हादसा... सर्पदंश ने ली 2 मासूम बच्चों की जान, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

Edited By Harman, Updated: 20 Aug, 2026 10:47 AM

tragic incident in haryana snakebite claims the lives of two innocent children

जिले में सांप के डसने के दो दर्दनाक मामले सामने आए हैं। दोनों घटनाओं में 3 साल की बच्ची और 11 साल के बच्चे की मौत हो गई। दोनों बच्चों को परिजन इलाज के लिए नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

कैथल (जयपाल रसूलपुर) : जिले में सांप के डसने के दो दर्दनाक मामले सामने आए हैं। दोनों घटनाओं में 3 साल की बच्ची और 11 साल के बच्चे की मौत हो गई। दोनों बच्चों को परिजन इलाज के लिए नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पहला मामला: 3 साल की रंगोली की मौत

डेरा गदली में 3 साल की रंगोली को सांप ने डस लिया। बच्ची के पिता सुभाष कुमार ने बताया कि सुबह बच्ची रो रही थी। उन्होंने देखा तो उसकी हथेली पर सांप के काटने का निशान था। शुरुआत में उन्हें लगा कि बच्ची को शायद चूहे ने काटा है। बच्ची के लगातार रोने पर परिजन उसे नजदीकी डॉक्टर के पास लेकर गए। वहां से उसे सरकारी अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई। इसके बाद परिजन बच्ची को कैथल के नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

दूसरा मामला: 11 वर्षीय हनी की मौत

दूसरी घटना कैथल शुगर मिल के पास करनाल रोड क्षेत्र की है। यहां 11 वर्षीय हनी को भी सांप ने डस लिया। परिजनों के अनुसार, सुबह करीब 4 बजे हनी रो रहा था। उसकी मां रीना ने देखा तो उसके पेट और टांग पर सांप के काटने के निशान थे और घाव से खून निकल रहा था। परिजन तुरंत उसे इलाज के लिए कैथल नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

6 महीने पहले पिता की हुई थी मौत

हनी की मां रीना ने बताया कि उसके चार बच्चे हैं और हनी तीसरे नंबर का था। करीब 6 महीने पहले ही उसके पिता की मौत हो गई थी। अब बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

डॉक्टर की सलाह: लक्षण का इंतजार न करें

डॉक्टरों के अनुसार, सांप के काटने के बाद दर्द या सूजन कम होने पर भी इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। कई जहरीले सांपों के काटने पर शुरुआती लक्षण बेहद कम दिखाई दे सकते हैं। सांप के काटने की आशंका होने पर मरीज को बिना समय गंवाए अस्पताल ले जाना चाहिए। मरीज को शांत रखें और प्रभावित अंग को कम से कम हिलाएं। काटे हुए स्थान पर चीरा लगाना, जहर चूसने की कोशिश करना या घरेलू उपचार करना नुकसानदायक हो सकता है। संभव हो तो सांप को पकड़ने या मारने की कोशिश न करें; उसकी पहचान के लिए सुरक्षित दूरी से फोटो ही पर्याप्त है।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!